सुपर फास्ट:छत्तीसगढ़ के साथ देश की 10 बड़ी खबरे जो सुर्खियों में रही

छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन में कार्यवाही के बीच एक बिल्ली घुस आई। इस वक्त वित्त मंत्री ओपी चौधरी विजन डॉक्यूमेंट पर संबोधन दे रहे थे। मंत्री जैसे-जैसे बोल रहे थे, वैसे-वैसे बिल्ली की म्याऊं-म्याऊं तेज हो रही थी। इसे सुनकर मंत्री विधायक करीब 5 मिनट तक ठहाके लगाते रहे।इस दौरान कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री की ओर देखकर मुस्कुरा उठे। स्पीकर, मंत्री, विधायक और अफसर भी कुछ देर तक हंसी नहीं रोक पाए। बाद में कर्मचारियों ने बिल्ली को बाहर निकाला, तब जाकर सदन की कार्यवाही सामान्य रूप से आगे बढ़ सकी।नए विधानसभा भवन में ‘विजन 2047’ पर चर्चा हुई, लेकिन कांग्रेस ने पहले दिन सत्र का बहिष्कार किया। इस पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि कांग्रेस डूबती हुई नाव है। इस नाव का डूबना तय है,

सदन में घुसी बिल्ली, म्याऊं-म्याऊं सुनकर हंस पड़े मंत्री-विधायक
भारत-साउथ अफ्रीका के बीच तीसरा टी20 मैच धर्मशाला में खेला गया. इस मैच में भारतीय टीम ने 7 विकेट से जीत हासिल की और 5 मैचों की सीरीज में 2-1 से बढ़तबना ली. इस मुकाबले में भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. साउथ अफ्रीका की पारी 117 के स्कोर पर सिमट गई. इसके जवाब में भारतीय टीम ने 16वें ओवर में 3 विकेट खोकर इस टोटल को चेज कर लिया. सीरीज का चौथा मैच अब बुधवार को लखनऊ में खेला जाएगा.118 के जवाब में उतरी भारत की शुरुआत बेहद शानदार रही. शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की. हालांकि, छठे ओवर में भारत को पहला झटका लगाजब अभिषेक शर्मा 18 गेंदों में 35 रनों की पारी खेलकर आउट हो गए शिवम दुबे और तिलक वर्मा ने भारत को 16वें ओवर में जीत दिलाई.
भारत ने 7 विकेट से जीता तीसरा टी-20 मैच
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार को ईसाई समुदाय के प्रार्थना सभा को लेकर जमकर बवाल हुआ। ईसाई समुदाय और हिंदू संगठन आमने-सामने आ गए। मामला थाने तक पहुंचा। वहां भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है।जानकारी के मुताबिक सुतर्रा गांव में ईसाई समुदाय के लोगों ने खेत में पंडाल लगाकर प्रार्थना सभा का आयोजन किया था। सभा को पास्टर बजरंग जायसवाल लीड कर रहे थे। आरोप है कि वह ग्रामीणों को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन करा रहे थे। सरपंच की शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है।नरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पादरी बजरंग जायसवाल उन लोगों को टारगेट करते हैं, जो निःसंतान हैं। कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। प्रार्थना से बीमारियां ठीक होने का दावा करते हैं। इससे गांव वाले झांसे में आ जाते हैं।
ईसाई समुदाय की प्रार्थना सभा में बवाल…VIDEO
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में कोयला लोड ट्रेलर ने बाइक सवार 2 युवक को कुचला दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है। मामला भटगांव थाना क्षेत्र का है।वहीं जांजगीर-चांपा जिले में सुबह एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा पलटने से एक शख्स की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग घायल हो गए। हादसा बिर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम करनौद में हुआ। घायलों का बम्हनीडीह स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है।इसके अलावा भिलाई में तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने बाइक सवार 2 युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जारी है। घटना छावनी थाना क्षेत्र की है।
छत्तीसगढ़ में 3 सड़क हादसे में 4 की मौत
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक सराफा व्यापारी से 30 लाख रुपए की लूट हुई। अज्ञात बदमाशों ने चांदी के सिक्कों और कैश से भरा बैग चुरा लिया। व्यापारी मोती लाल जैन 73 साल जगदलपुर के रहने वाले हैं।ववो बस से रायपुर जा रहा था, तभी यह घटना हुई। बैग में 29 लाख रुपए कैश थे। मामला कांकेर थाना इलाके का है।जानकारी के मुताबिक, पीड़ित सराफा कारोबार से जुड़े काम करता है। वह रविवार सुबह बिजनेस के काम से रायपुर के लिए निकला था। जब वह कांकेर में टॉयलेट करने के लिए नीचे उतरा, तो बदमाश बैग लेकर भाग गए। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सराफा कारोबारी से बस में 30 लाख की उठाईगिरी
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले का खैरी गांव, जो कभी अवैध कच्ची शराब के गढ़ के रूप में जाना जाता था, अब यहां के ग्रामीण पूर्ण शराबबंदी चाहते है। ग्रामीणों ने प्रशासन के सहयोग से गांव में पूर्ण शराबबंदी अभियान चलाया है। पिछले 5 दिन से यहां शराब बेचने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा है।दावा किया जाता है कि इस गांव में पिछले दल साल में 60 से ज्यादा युवाओं की मौत शराब सेवन से हुई थी। दशकों से खैरी गांव की 90 प्रतिशत आबादी का मुख्य व्यवसाय अवैध कच्ची शराब का निर्माण और बिक्री था।इस अवैध कारोबार के कारण गांव में ऐसा माहौल था कि 20 साल पहले तक पुलिस भी वहां जाने से कतराती थी। ग्रामीणों में इतना भय था कि कोई भी पुलिस या मीडिया को जानकारी देने की हिम्मत नहीं कर पाता था।
बलौदाबाजार के खैरी गांव में पूर्ण शराबबंदी करने की कोशिश
जिले के वनमंडल मनेंद्रगढ़ और वनपरिक्षेत्र कोटाडोल बीते कई दिनों से हाथियों का उत्पात जारी है. बघेल ग्राम ढाब और केसौडा में 11 हाथियों का दल घूम रहा है. रात के समय में हाथियों का उत्पात और बढ़ जाता है. खेत खलिहान में रखे धान को हाथी चट कर रहे हैं इसके अलावा केले की खेती को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं.बीती रात को बड़वार इलाके में हाथी ने एक बाइक सवार पर हमला कर दिया. बाइक सवार शख्स ने जैसे तैसे अपनी जान बचाई. इस घटना में हाथियों के दल ने बाइक को बुरी तरह तहस नहस कर दिया. मुकेश चेरवा नाम का शख्स बड़गांवकला से बाजार कर घर वापस आ रहा था तभी बीच रास्ते में हाथी से उसका सामना हो गया.हाथियों का दल अभी वन परिक्षेत्र बहरासी में डेरा जमाए हुए हैं. हाथियों का यह झुंड बीट क्रमांक P 1120,1031 और 1032 में विचरण कर रहा है. हाथियों के मूवमेंट पर वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क कर दिया है.
मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर में हाथियों का उत्पात,
छत्तीसगढ़ सरकार ने जमीन डायवर्सन प्रक्रिया को लेकर बड़ा और राहत भरा फैसला लिया है। अब भूमि के उपयोग परिवर्तन (डायवर्सन) के लिए एसडीएम से अनुमति लेने की बाध्यता समाप्त कर दी गई है। सरकार के इस फैसले के बाद अब जमीन का उपयोग किसी भी प्रयोजन के लिए किया जा सकेगा।नए नियमों के तहत कृषि भूमि को आवासीय या व्यावसायिक उपयोग में बदलने के लिए अलग से डायवर्सन की अनुमति लेने की जरूरत नहीं होगी। यह व्यवस्था नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी समान रूप से लागू होगी। सरकार का यह निर्णय छत्तीसगढ़ राजपत्र में प्रकाशित कर दिया गया है। राजपत्र में प्रकाशन के साथ ही यह नियम पूरे प्रदेश में प्रभावी हो गया है। प्रशासनिक स्तर पर इसे लागू करने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
कृषि भूमि पर घर बनाने के लिए अब नहीं कराना होगा डायवर्सन,
कोरबा के रजगामार चौकी क्षेत्र अंतर्गत रावण भांटा में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक जिओ मोबाइल टावर पर चढ़ गया और कूदने की कोशिश करने लगा। टावर पर युवक को देख आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।जानकारी के अनुसार रावण भांटा निवासी कर्ण चौहान घरेलू विवाद से आहत होकर जिओ टावर पर चढ़ गया था। युवक की गतिविधियों को देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर पहुंचे परिजन और मुहल्ले वासियों ने युवक को समझाइश दी।काफी देर तक चले प्रयासों के बाद युवक शांत हुआ और सुरक्षित रूप से टावर से नीचे उतर आया। युवक के नीचे उतरते ही परिजनों सहित मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन अब यह वीडियो सामने आया है, जो कि जमकर वायरल हो रहा है।
मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, चारो तरफ मचा हड़कंप
रायपुर के गोबरा नवापारा एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात के बाद पुलिस की टीम ने पिता की हत्या करने वाले आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के कोड़ीपारा का है। यहां एक बेटे ने अपने ही पिता संतोष साहू पर धारदार हथियार से वार कर दिया। इस हमले में पिता गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इलाज के दौरान घायल पिता की मौत हो गई।पिता की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे राहुल साहू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि बाइक खरीदने को लेकर पिता नाराज था। उसने बाइक पर तोड़फोड़ भी की थी।
रायपुर में पिता को हंसिया से काट डाला:बाइक पर की थी तोड़फोड़
बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। रविवार को भाजपा के पार्लियामेंट्री बोर्ड के इस फैसले की जानकारी राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने दी।नबीन की उम्र 45 साल है, वे 2010 से बांकीपुर सीट से विधायक हैं। वे नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक यह जिम्मेदारी संभालेंगे। कल वे दिल्ली पहुंचेंगे। यहां भाजपा मुख्यालय में सुबह 11 बजे उनका स्वागत होगा।भाजपा ने साल 2020 में जेपी नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था। 2024 में उनका कार्यकाल खत्म हुआ था। तब से वे एक्सटेंशन पर थे। नड्डा अभी केंद्र में स्वास्थ्य मंत्रालय संभाल रहे हैं।राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन ने कहा कि मुझे यह मौका देने के लिए सेंट्रल लीडरशिप, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री और सेंट्रल लीडरशिप में सभी को दिल से बधाई देता हूं। मेरे साथ प्रधानमंत्री का आशीर्वाद है। उनके दिए गए गाइडेंस और लीडरशिप को और आगे बढ़ाऊंगा।



