सुपर फास्ट:छत्तीसगढ़ के साथ देश की 10 बड़ी खबरे
सुपर फास्ट:छत्तीसगढ़ के साथ देश की 10 बड़ी खबरे

छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक फिजिकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर (PTI) शिक्षक ने खेलकूद प्रतियोगिता के बहाने छात्रा को होटल ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। जब छात्रा ने मदद की गुहार लगाई, तो होटल के मैनेजर ने सहायता करने के बजाय उसे धमकाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक और होटल मैनेजर, दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।यह पूरा मामला बैकुंठपुर थाना क्षेत्र का है। मझिगवां शासकीय स्कूल में पदस्थ शिक्षक सुखदेव सिंह अपनी छात्रा को खेलकूद प्रतियोगिता में शामिल कराने के बहाने एक होटल लेकर गया। वहां ले जाकर आरोपी ने छात्रा के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। डरी-सहमी छात्रा ने जब खुद को बचाने के लिए होटल मैनेजर अशोक वाधवानी से मदद मांगी, तो मैनेजर ने छात्रा की मदद करने के बजाय उल्टा उसे ही डराना-धमकाना शुरू कर दिया।
प्रतियोगिता के बहाने छात्रा को होटल ले गया PTI शिक्षक
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में रोपवे टूटने से 16 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि एक युवती की मौत हो गई। घायलों में 4 की हालत गंभीर है।यह सभी लोग चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद कुछ श्रद्धालु रोपवे की ट्रॉली से नीचे उतर रहे थे। तभी अचानक केबल टूट गया। ट्रॉली पहाड़ी से टकराई और उसमें बैठे लोग करीब 20 फीट नीचे गिर गए।इसी दौरान ऊपर जा रही दूसरी ट्रॉली भी संतुलन खोकर गिर गई। उसमें बैठे लोग भी घायल हो गए। ज्यादातर घायल रायपुर के रहने वाले हैं। जिला प्रशासन ने हादसे की जांच की। लापरवाही सामने आने पर रोपवे संचालक और 2 स्थानीय कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज हुआ है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोपवे की 2 ट्रॉली हादसे का शिकार हुई है। पहले ट्रॉली के श्रद्धालु दर्शन कर वापस लौट रहे थे। तभी केबल टूटने से ट्रॉली अनियंत्रित हो गई। लगभग 20 फीट नीचे पहाड़ी की चट्टान से जा टकराई।
छत्तीसगढ़-खल्लारी मंदिर में रोपवे टूटा, 2 ट्रॉली गिरी
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने एक युवक की पिटाई कर दी। ग्राम धारानगर में युवक ने एक घर के अंदर घुसकर छोटी बोरी में सरसों और 300 रुपए कैश की चोरी की थी।लोगों को पता चला तो उसे पकड़ लिया बीच सड़क उसके कपड़े फाड़े, सिर के बाल आधे काट दिए और पाइप के टुकड़े से पिटाई की। श्रीकांत सिंह ने फोन कर अपने पिता को घटना की सूचना दी तो उसके पिता मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उसके पिता की भी पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो ग्रामीणों ने बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पूरा मामला शंकरगढ़ थाना क्षेत्र का है। मारपीट का वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने 3 ग्रामीणों के खिलाफ FIR दर्ज की है। जिनकी वीडियो के आधार पर शिनाख्त की गई है।
चोरी के आरोप में बाल काटे, पाइप से पीटा,
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में स्थित संजय पार्क में आवारा कुत्तों के हमले से 15 हिरणों की मौत हो गई। शुक्रवार (20 मार्च) रात पार्क के पास लगे जंगल से कुछ आवारा कुत्ते परिसर में घुस गए और दौड़ा दौड़ाकर हिरणों को नोंच कर काट डाला। कुत्तों ने सांभर और उनकी कोठरियों को भी नुकसान पहुंचाया।बताया जा रहा है एक जगह से बाड़े का तार टूट गया था, कुत्ते वहीं से अंदर घुसे थे। 14 हिरणों की मौत घटना के अगले दिन हो गई थी। जबकि एक घायल हिरण ने रविवार को दम तोड़ दिया। घटना के बाद पार्क को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। मामले में लापरवाही सामने आने के बाद डिप्टी रेंजर समेत 4 कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।
आवारा कुत्तों ने ली 15 हिरणों की जान
जगदलपुर में पुलिस एक गर्भवती महिला के लिए सहारा बनकर उसके दरवाजे तक पहुंची। खराब सड़क और मार्ग न होने के बावजूद पुलिस ने न सिर्फ महिला को अस्पताल पहुंचाया, बल्कि उसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म भी दिया। पुलिस के इस कार्य की ग्रामीणों ने जमकर सराहना की। जहां अक्सर पुलिस की आलोचना होती है, वहीं इस घटना ने मानवता की मिसाल पेश की है।ग्रामीणों के अनुसार, अंतागढ़ से करीब 35-40 किलोमीटर दूर स्थित गांव वरचे में रहने वाले इतवारू राम हुपेड़ी की पत्नी फुलमा बाई को पेन हो रहा था। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सुविधाएं जुटाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कहीं से मदद नहीं मिल पाई। एक ओर महिला की हालत बिगड़ रही थी, तो दूसरी ओर गांव तक सड़क न होना सबसे बड़ी बाधा बना हुआ था।
जगदलपुर पुलिस बनी सहारा ,गर्भवती को पहुंचाया अस्पताल,
बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में मृतक के एक साथी को भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना करगीखुर्द गांव में हुई।आरोपी राजाराम साहू (21साल ने अपने साथियों के साथ मिलकर कोरीपारा, करगीखुर्द निवासी मोहन पांडे (52साल पर लाठी और फरसे से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए मोहन पांडे के साथी शरद कौशिक भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।मुख्य आरोपी राजाराम साहू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसके फरार अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
बिलासपुर में पुरानी रंजिश में 1व्यक्ति की हत्या
राजधानी रायपुर में घर की पानी की टंकी में डूबकर एक साल के मासूम की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब मासूम त्रिराज साहू अपनी दादी के साथ घर में खेल रहा था, और उसकी मां काम पर गई हुई थी।खेलते-खेलते मासूम टंकी के पास पहुंच गया। अनजाने में बच्चा उसमें गिर गया। कुछ देर तक नजर नहीं आने पर परिजनों ने उसे घर और आसपास ढूंढा, लेकिन जब टंकी में देखा तो मासूम डूबा मिला।आनन-फानन में उसे मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। यह घटना राजेंद्र नगर थाना के अमलीडीही इलाके की है। घर में निर्माणाधीन पानी की टंकी खुली हुई थी, जिस पर कोई ढक्कन या सुरक्षा इंतजाम नहीं था।पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
रायपुर में 1 साल का मासूम पानी में डूबा
भिलाई में भिलाई बचाओ आंदोलन के दूसरे चरण के तहत रविवार को भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के नेतृत्व में सैकड़ों टाउनशिपवासी सड़क पर उतरे। सिविक सेंटर पार्किंग से लेकर 25 मिलियन सेक्टर-5 चौक तक 1000 कदम की मौन पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा के जरिए बीएसपी सेल प्रबंधन के फैसलों का विरोध किया गया।पदयात्रा में बड़ी संख्या में बीएसपी के सेवानिवृत्त कर्मचारी, लीजधारी, सिविक सेंटर और टाउनशिप के व्यापारी, रिटेंशन धारकों के परिवार, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हुए। सभी लोगों ने विधायक देवेंद्र यादव के साथ लगभग एक किलोमीटर तक शांतिपूर्वक पदयात्रा कर अपना विरोध दर्ज कराया। पदयात्रा के बाद कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
विधायक देवेंद्र यादव ने निकाली 1000 कदम मौन पदयात्रा
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साल 2021 में हुई हत्या का आरोपी अहमदाबाद में पकड़ा गया है। टिकरापारा की रहने वाली महिला ने पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए अजय कुमार को 4 लाख दिए थे, लेकिन अजय ने उसी महिला को मारकर घर से 10 लाख कैश और 35 तोला सोना चुरा लिया था। 21 मार्च 2026 को गुजरात की अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने अजय को गिरफ्तार किया है। आरोपी कोई मामूली अपराधी नहीं, बल्कि अहमदाबाद का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अजय कुमार उर्फ लक्ष्मीसागर उर्फ राजनारायण मिश्रा है। सूचना पर रायपुर पुलिस अहमदाबाद रवाना हुई है।बता दे 2021 में रायपुर के पटेल चौक स्थित एक बंद मकान में शकुंतला देवी (पति स्व. अमर यादव) का शव संदिग्ध हालत में मिला था।जांच में पता चला कि शकुंतला का अपने बड़े बेटे अजय यादव के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद सुलझाने के लिए शकुंतला और उनके छोटे बेटे अमित यादव ने अजय कुमार मिश्रा से मदद मांगी थी।



