रायपुर: दीपावली के अवसर पर महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े रायपुर पहुंचीं. मंत्री ने रायपुर के माना वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रहने वाली बुजुर्ग महिलाओं के साथ दीवाली पर्व की खुशियां मनाई. मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की और बुजुर्गों को मिठाई भी खिलाई. मंत्री राजवाड़े ने बुजुर्गों को नए कपड़े और उपहार भी दिए. महिला एवं बाल विकास मंत्री ने बुजुर्ग महिलाओं से संवाद कर उनका हाल चाल भी लिया. आश्रम में मिल रही सुविधाओं की भी मंत्री ने जानकारी ली.
बुजुर्ग महिलाओं संग मनाई दिवाली: महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि हमारे बुजुर्ग नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं. इनके अनुभव और आशीर्वाद से ही समाज की नींव मजबूत होती है. शासन का प्रयास है कि वृद्धजन सम्मानपूर्वक और आत्मसम्मान के साथ जीवन बिताएं. मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि राज्य सरकार बुजुर्गों के कल्याण के लिए वृद्धजन सेवा योजना, पेंशन सुविधा, स्वास्थ्य जांच शिविर, मानसिक-सामाजिक परामर्श केंद्र जैसी योजनाओं का संचालन कर रही है. मंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है.

