रायपुर में बीमार भतीजे को अस्पताल ले जाने की बात से नाराज होकर दो भाइयों ने अपने ही छोटे भाई की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक का नाम दिनेश कुमार विश्वकर्मा और आरोपियों का नाम कमलेश विश्वकर्मा और अखिलेश विश्वकर्मा बताया जा रहा है।
आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। न्यायिक हिरासत में आरोपियों को जेल भेज दिया है। डीएसपी ग्रामीण वीरेंद्र चतुर्वेदी ने आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। यह मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है।
विधासभा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मटिया निवासी लोकनाथ विश्वकर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके बेटे कमलेश विश्वकर्मा के बच्चे की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। इस दौरान परिवार के ही दिनेश कुमार विश्वकर्मा बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल ले गए।
इसी बात को लेकर कमलेश विश्वकर्मा और अखिलेश विश्वकर्मा नाराज हो गए और दिनेश से पूछने लगे कि वह बच्चे को अस्पताल क्यों ले गया।
बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों भाइयों ने गुस्से में आकर दिनेश विश्वकर्मा के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने हाथ-मुक्कों के साथ डंडे से हमला किया, जिससे दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शिकायत के आधार पर थाना विधानसभा पुलिस ने केस दर्ज किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई कर दोनों आरोपियों कमलेश विश्वकर्मा (27) और अखिलेश विश्वकर्मा (32) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया है

