छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं से भरी बस UP के फिरोजाबाद में पलटी,बच्ची समेत 3 लोगों की मौत, वृंदावन से प्रयागराज जा रही थी बस

छत्तीसगढ़ के 65 श्रद्धालुओं से भरी बस यूपी के फिरोजाबाद में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में गिर गई। इस हादसे में एक महिला और बच्ची समेत 3 लोगों की मौत हो गई। जबकि 35 लोग घायल हो गए। इनमें ज्यादातर रायपुर, दुर्ग और बालोद के रहने वाले हैं। घटना पर सीएम साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दुख जताते हुए अधिकारियों को हर संभव मदद करने को कहा है।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शनिवार सुबह 3 बजे नसीरपुर थाना क्षेत्र में लखनऊ आगरा एक्सप्रेस-वे पर हुआ। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु प्राइवेट बस से वृंदावन से प्रयागराज जा रहे थे।

बस में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। वैष्णो देवी से दर्शन कर वृंदावन आए थे। रात 1 बजे वृंदावन से प्रयागराज के लिए रवाना हुए थे। ड्राइवर को झपकी आने से हादसा हुआ है। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना दी।

सूचना मिलते ही मैं फोर्स के साथ मौके पर पहुंचा। बस में से सभी यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। एक महिला और 1 बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। घायलों को फिरोजाबाद मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। हादसा इतना भीषण था कि बस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिसकर्मियों ने क्रेन से बुलवाकर बस को गड्ढे से बाहर निकलवाया।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा है कि, बस में सवार 65 श्रद्धालु में से तीन के निधन और 30 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों के जिला संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद और फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज में इलाज की व्यवस्था की गई है।

जिला प्रशासन से बात कर डॉक्टरों को उचित देखभाल के निर्देश दिए गए हैं। उच्चाधिकारियों को इस पर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली से ही घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने और उत्तरप्रदेश सरकार से समन्वय के लिए विधायक प्रबोध मिंज के नेतृत्व में एक टीम गठित कर लखनऊ भेजा है। टीम में अन्य विधायकों सहित आवासीय आयुक्त श्रुति सिंह शामिल हैं।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं से भरी बस के पलटने से 3 लोगों की मौत और 30 से अधिक के घायल होने की दुखद सूचना है। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद और सैफई में किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश शासन से लगातार संपर्क कर हताहत श्रद्धालुओं के बेहतर इलाज और हर संभव मदद पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें। ॐ शांति।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button