रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दो सगी बहनों ने शालीमार एक्सप्रेस के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली थी। हादसे में एक बहन की मौत हो गई जबकि दूसरी गंभीर रुप से घायल है। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। दोनों बहनों ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया इसके पीछे की घटना बहुत ही मार्मिक है। दरअसल, शुक्रवार को उनके पिता की मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद दोनों परेशान हो गईं और आत्महत्या करने का फैसला किया। दोनों बहनों का पिता से खास लगाव था। वह हर दिन अफने पिता के साथ ही खाना खाती थीं। पिता की पूरी देखभाल करती थीं। पिता का भी अपनी बेटियों से बहुत लगाव था।
दरअसल, गोंदवारा के करने वाले 60 साल के विजय अग्रवाल सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित थे। गुरुवार को अचानक उनकी तबियत बिगड़ी। जिसके बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार शाम को उनकी मौत हो गई। पिता की मौत के समय दोनों बहने हॉस्पिटल में थीं। उनके साथ उनका भाई भी मौजूद था। पिता के मौत की खबर सुनते ही दोनों बहनें शॉक्ड हो गईं।
थोड़ी देर बाद भाई से कहा कि हम घर जाकर मां को संभालते हैं। वहीं, भाई पिता के मौत के बाद हॉस्पिटल की कागजाती कार्रवाई में लग गया। जिसके बाद दोनों पबहने खमतराई पहुंची और अपना फोन भी बंद कर लिया। इसके बाद वह शॉलीमार एक्सप्रेस के सामने कूद गईं। जिसमें एक बहन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी बहन गंभीर रूप से घायल है।
बड़ी बहन फुलकुमारी के हाथ और पैर में चोट आई है जबकि छोटी बहन आंचल की मौके पर मौत हो गई। हादसे की जानकारी जैसे ही परिजनों को लगी वह मौके पर पहुंची। शुक्रवार को ही आंचल का पोस्टमार्टम किया गया। शनिवार को एक ही घर से दो लोगों की आर्थियां उठी। इस नजारे को जिस किसी ने भी देखा वह भावुक हो गया।
आंचल और उसके पिता का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। भाई नितिन ने कहा कि हादसे के बाद परिवार टूट गया है। पिता और छोटी बहन की मौत हो गई है जबकि बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल है।

