अजब प्रेम की गजब कहानी; महिला के कारनामे फिर चर्चा में, बेटी की शादी के 10 दिन पहले प्रेमी के साथ हुई थी गायब.
करीब साल भर पहले अपने होने वाले दामाद के साथ घर छोड़ने वाली महिला ने अब अपने बहनोई के साथ रफूचक्कर हो गई है. अलीगढ़ के मडराक इलाके की महिला पिछले साल अपनी बेटी की शादी से दस दिन पहले होने वाले दामाद के साथ भाग गई थी. फोन पर बात करते-करते दोनों में प्रेम संबंध बन गए थे. तब इस मामले ने खूब सूर्खियां बटोरी थीं. ताजा मामले से महिला फिर चर्चा में आ गई है. यह भी आरोप है कि महिला अपने साथ दो लाख रुपये नकद व जेवरात भी साथ ले गई है. मामला पुलिस के पास भी पहुंच चुका है.
बेटी की शादी के 10 दिन पहले होने वाले दामाद के साथ घर छोड़ा: बता दें कि पिछले साल महिला की बेटी का रिश्ता दादों थाना क्षेत्र युवक से तय हुआ था. 16 अप्रैल 2025 को शादी होनी थी, लेकिन शादी से दस दिन पहले 6 अप्रैल को 40 वर्षीय महिला 20 वर्षीय होने वाले दामाद राहुल के साथ भाग गई. उस घटना ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी थी. दरअसल, शादी के सिलसिले में दोनों के बीच फोन पर बात होने लगी. यह बातचीत प्रेम संबंध में बदल गई. आखिरकार दोनों ने घर छोड़ने का फैसला कर लिया. बेटी की शादी तो नहीं हो सकी, लेकिन महिला होने वाले दामाद के साथ रहने लगी. उस समय घरवालों ने आरोप लगाया था कि महिला बेटी की शादी के लिए बने गहने भी ले गई.
ऐसे बढ़ी थीं नजदीकियांः महिला ने तब पुलिस के सामने कहा था बेटी होने वाले दामाद से बातचीत नहीं करती थी. तब उसने स्थिति को संभालने के लिए उससे बातचीत शुरू की, जो बाद में नजदीकियों में बदल गई. वहीं, उसके पति का कहना था कि उसे फर्क नहीं पड़ता कि वह कहां जाए, लेकिन जेवर और पैसे जरूर वापस कर दे. बेटी ने अपनी मां को मृत मानते हुए कहा था कि अब वह उनसे कोई संबंध नहीं रखना चाहती.
महिला ने तब पति पर लगाए थे गंभीर आरोप: कुछ दिन बीते तो दोनों लौट आए थे. उस समय महिला ने आरोप लगाया था कि उसका पति शराब के नशे में मारपीट के साथ पैसों के लिए परेशान करता था. दामाद से बातचीत पर शक करता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी. पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में लंबी काउंसलिंग हुई, लेकिन महिला अपने फैसले पर अड़ी रही और आखिरकार दामाद के साथ रहने चली गई. इसके बाद दोनों बिहार के सीतामढ़ी चले गए, जहां उसका प्रेमी कपड़े का कारोबार करने लगा
अब दामाद को भी छोड़ा, बहनोई के साथ गायब: अब जिस होने वाले दामाद के साथ महिला ने घर बसाया, वही गुहार लगाने पुलिस के पास पहुंच गया है. उसका आरोप है कि 6 फरवरी को वह काम पर गया था. इसी दौरान गंगीरी क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति, जो महिला का बहनोई बताया जाता है, उसके घर पहुंचा और महिला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. प्रेमी का यह भी कहना है कि महिला अपने साथ करीब दो लाख रुपये नकद और जेवरात भी ले गई है. उसने पहले सीतामढ़ी में स्थानीय पुलिस को सूचना दी, लेकिन वहां से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद अलीगढ़ आकर दादों थाने में तहरीर दी.
पहले पति ने कर ली है दूसरी शादी: इस बारे में दादों थाना प्रभारी सरिता द्विवेदी ने बताया कि घटना नेपाल बॉर्डर से सटे जिले में हुई है, इसलिए यहां से सीधे कार्रवाई संभव नहीं है. संबंधित जिले की पुलिस को ही कार्रवाई करनी होगी. बताया जा रहा है कि महिला कुछ समय से अपनी बेटी, बहन और बहनोई के संपर्क में थी. उसके दोबारा गायब होने से तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. महिला के दो बच्चे हैं. एक बेटी की शादी होने वाली थी, जबकि एक बेटा भी है. उसके पहले पति ने भी करीब 15 दिन पहले दूसरी शादी कर ली है. फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है, लेकिन महिला और उसके साथ गए बहनोई का अब तक कोई पता नहीं चल सका है.

