Thursday, March 12, 2026
Homeछत्तीसगढ़नारायणपुर ओरछा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, पिकअप पलटने से 3 की...

नारायणपुर ओरछा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, पिकअप पलटने से 3 की मौत, 15 से ज्यादा गंभीर घायल

नारायणपुर: नारायणपुर ओरछा मुख्य मार्ग पर ग्राम झारा घाट के पास गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. इस दुर्घटना में 2 महिलाओं सहित कुल 3 लोगों की मौत हो गई. 15 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

यह हादसा देर रात लगभग 9 बजे नारायणपुर ओरछा मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम झारा घाट के पास हुआ. बताया जा रहा है कि एक कमर्शियल पिकअप वाहन में 30 से ज्यादा लोग सवार थे, जो रायनार क्षेत्र से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गया. इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जिसमें पति पत्नी शामिल है. मृतक नारायणपुर के कपासी एवं नाऊ मुंजमेटा गांव के रहने वाले हैं जबकि 15 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना की सूचना मिलते ही नजदीकी झारा थाना से पुलिस और सुरक्षा बल के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया. घायलों को तत्काल 108 संजीवनी एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल नारायणपुर भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है. हादसे में घायल कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार नारायणपुर–ओरछा मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में है. सड़क की खराब हालत के कारण इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाओं की खबरें सामने आती रहती हैं. इसके अलावा इस हादसे ने वाहन चालकों की लापरवाही को भी उजागर किया है, क्योंकि कमर्शियल पिकअप वाहनों का उपयोग सवारी वाहन के रूप में किया जा रहा है, जो कि नियमों के खिलाफ है.

ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी इस प्रकार की लापरवाही के कारण कई लोगों की जान खतरे में पड़ चुकी है, बावजूद इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है.

नारायणपुर ओरछा मार्ग पर हुई इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर कर दिया है. जर्जर सड़क और ओवरलोड वाहनों का संचालन लोगों की जान के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने और अवैध रूप से सवारी ढोने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments