छत्तीसगढ़

रायपुर में भारतीय जनता पार्टी बूथ कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम में डॉ. रमन बोले-घोटालेबाजों की छुट्‌टी की घंटी बजाना है,

भारतीय जनता पार्टी ने रायपुर में बूथ कार्यकर्ताओं का कार्यक्रम आयोजित किया। यहां PM मोदी का भोपाल में हुआ सम्बोधन सभी ने लाइव सुना। प्रदेश के नेताओं ने भी बूथ कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्हें चुनावी मैदान में कूदने, कांग्रेस को घेरने के मुद्दे पर उनसे बात की।

कार्यक्रम समता कॉलोनी के कॉलेज ऑडिटोरियम मे आयोजित हुआ। यहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व मंत्री प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू , समेत शहर भाजपा के सभी छोटे-बड़े नेता आए। बस्तर में सोनारपाल शक्ति केन्द्र के अंतर्गत ग्राम सोनारपाल के बूथ क्रमांक 260 में प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री का सीधा संवाद सुना। रायपुर के वार्ड क्रमांक 48 के बूथ 56 (सदर बाजार मंडल) पर नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस सहित सभी विरोधी दलों के घपले घोटालों, भ्रष्टाचार का कच्चा चिट्ठा रखते हुए मनरेगा घोटाले, कोल घोटाले, चारा घोटाले, सारदा घोटाले, टू जी घोटाले सहित सभी बड़े बड़े घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार ही इनकी गारंटी है। हमारी भी एक गारंटी है कि इन घोटालेबाजों को छोड़ेंगे नहीं। भाजपा कार्यकर्ता हर बूथ तक यह बतायें कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की गारंटी है और भाजपा सबके विकास और सबके विश्वास, सबके साथ की गारंटी है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संवाद सुनने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथ सशक्तिकरण अभियान के दौरान छत्तीसगढ़ में इतनी अधिक मेहनत की है कि छत्तीसगढ़ का हर बूथ बहुत मजबूत है। छत्तीसगढ़ में मनरेगा घोटाला हुआ, गोठान घोटाला हुआ, गोबर घोटाला हुआ, चारा घोटाला हुआ, आवास घोटाला हुआ, डीएमएफ घोटाला हुआ, राशन घोटाला हुआ, केंद्र द्वारा दिये गए अतिरिक्त अनाज का घोटाला हुआ, राइस मिलिंग में चावल घोटाला हुआ, अरबों रुपये का कोल घोटाला हुआ, 2 हजार करोड़ का शराब घोटाला हुआ, पीएससी घोटाला हुआ। भाजपा हर बूथ तक कांग्रेस सरकार के घोटालों की तस्वीर लेकर जायेगी।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि घोटालेबाजों की छुट्टी की घंटी बजाने हर बूथ तैयार है। भाजपा के कार्यकर्ता अब से कई माह पहले से ही हर एक बूथ को लगातार मजबूत कर रहे हैं। बूथ स्तर पर भाजपा के प्रादेशिक नेताओं के साथ राष्ट्रीय नेताओं तक ने मेहनत की है। यह क्रम लगातार जारी है। कांग्रेस सरकार के तमाम घोटालों की दास्तान को भाजपा कार्यकर्ता हर मतदाता तक पहुंचाएंगे।

चुनाव के लिए मिली ऊर्जा: मूणत
पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि बूथ कार्यकर्ताओं के सीधा संवाद कार्यक्रम से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है, आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को ऊर्जा मिली है और वह पूरी तरह तैयार है। मूणत ने आगे कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय जनता की ओर से आयोजित ऐतिहासिक ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ संवाद कार्यक्रम में ‘नेशन फर्स्ट’ के प्रांजल भाव के साथ विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए अमूल्य मंत्र प्रदान किए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button