छत्तीसगढ़ के अलग-अलग jagho सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। राजनांदगांव के मुंदगांव इलाके में एक पिकअप और बाइक आमने-सामने टकरा गए। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों अपने दोस्त के साथ मां बमलेश्वरी के दर्शन कर घर लौट रहे थे।
वहीं, कोरबा जिले के गेवरा-दीपका क्षेत्र के ट्रांसपोर्टर और उनकी मां की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह सड़क हादसा मध्य प्रदेश के चित्रकूट के पास हुआ। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे वाहन को बचाने की कोशिश में उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। जिसमें दोनों की मौत हो गई। ट्रांसपोर्टर अपनी मां और मौसा के साथ पंजाब अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने जा रहे थे।
राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में सड़क हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई। 27 सितंबर सुबह 10 बजे की घटना है। मुंदगांव में एक पिकअप मालवाहक और बाइक आमने-सामने टकरा गए। हादसे में बाइक सवार 2 युवकों की जान चली गई। मामला डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र का है।
मृतक युवक अपने दोस्त के साथ मां बमलेश्वरी के दर्शन कर घर लौट रहा था। तभी यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है दोनों गाड़ी स्पीड में थी। घटना के बाद पिकअप ड्राइवर अपनी गाड़ी छोड़कर भाग गया। दोनों मृतक भिलाई के रहने वाले थे।
मृतकों की पहचान अमित साहनी (कृष्णा नगर) और सचिन यादव (कुरूद, भिलाई) के रूप में हुई है। घटना के बाद पिकअप वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
डोंगरगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना स्थल का सर्वेक्षण कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार वाहन चालक को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
इस हादसे से स्थानीय लोगों और मृतकों के परिजनों में दुख का माहौल है। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है। पुलिस प्रशासन ने राहगीरों और वाहन चालकों को सुरक्षित गति बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी जारी की है।
कोरबा जिले के ट्रांसपोर्टर अमन बाजवा उर्फ तलविंदर सिंह (34) और उनकी मां की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा मध्य प्रदेश के चित्रकूट के पास बुंदेलखंड नेशनल हाईवे पर हुआ। अमन अपनी मां और मौसा के साथ स्कॉर्पियो कार में अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने पंजाब जा रहे थे।
इसी दौरान चित्रकूट के पास बुंदेलखंड नेशनल हाईवे पर सामने से आ रहे वाहन से बचते हुए उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में अमन और उनकी मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके मौसा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
अमन बाजवा दीपका थाना क्षेत्र के झाबर गांव के रहने वाले थे और कोयला ट्रांसपोर्ट का बिजनेस करते थे। उनके पास 100 से अधिक गाड़ियां सड़क पर चलती हैं। इस हादसे से गेवरा-दीपका क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे।

