बलरामपुर-छत्तीसगढ़-झारखंड बॉर्डर पर तेज रफ्तार स्कूल बस बेकाबू होकर 20 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 82 लोग घायल हो गए हैं। इनमें 30 से ज्यादा की हालत गंभीर है। बताया जा जा रहा है कि बस का ब्रेक फेल हो गया था। मामला महुआडांड थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक लातेहार जिले में हादसे में 4 पुरुष और एक महिला की जान गई है। इनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मरने वाले सभी छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रहने वाले थे। स्थानीय और राहगीरों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया है। बस में 87 लोग सवार थे।

दरअसल, बलरामपुर के पिपरसोत के कुछ ग्रामीण झारखंड के लोध फाल घूमने के लिए ज्ञान गंगा स्कूल की बस में सवार होकर महुआडांड जा रहे थे। रास्ते में सामरी के ओरसा घाट के पास बस का ब्रेक फेल हो गया। तेज रफ्तार बस पीडब्ल्यूडी के रोड सेफ्टी गार्ड को तोड़ते हुए पलटकर पेड़ से टकरा गई।
वहीं हादसे की सूचना मिलते ही महुआडांड थाना प्रभारी मनोज कुमार और सामरी के थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया है। घायलों को महुआडांड स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
महुआडांड थाना प्रभारी मनोज कुमार और सामरी के थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के मुताबिक कुछ घायलों की हालत नाजुक है, जिन्हें रांची रेफर किया जा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अमित के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मी पूरी तरह अलर्ट पर हैं।
पुलिस के मुताबिक घायलों में 60 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में और 22 को कार्मेल हॉस्पिटल में दाखिल किया गया है। वहीं हॉस्पिटल पहुंचने के बाद मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। वहीं हॉस्पिटल पहुंचने के बाद मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।

