घायल छात्र और दोस्त साइडिंग लाइन के पास मस्ती करते हुए एक दूसरे पर चप्पल फेंक रहे थे, तभी चप्पल खड़ी ट्रेन पर गिर गई [.सांकेतिक फोटो।]
भिलाई-दुर्ग: भिलाई-3 रेलवे स्टेशन से जामुल सीमेंट कंपनी जाने वाली साइडिंग लाइन पर डबरापारा रेल लाइन के पास गुरुवार एक बड़ा हादसा हो गया. इस हादसे में एक कॉलेज का छात्र गंभीर रूप से झुलस गया. छात्र की हालत नाजुक बनी हुई है.जानकारी के अनुसार, खुर्सीपार बालाजी नगर निवासी 18 वर्षीय कॉलेज छात्र जी. श्याम और उसका दोस्त शिवम गुरुवार दोपहर को साइडिंग लाइन के पास घूम रहे थे. दोनों दोस्त मजाक मजाक में एक दूसरे पर चप्पल फेंकने लगे. इसी दौरान श्याम की चप्पल खड़ी मालगाड़ी की छत पर गिर गई. अपनी चप्पल उतारने वह ट्रेन की छत पर चढ़ गया. इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही ओएचई की चपेट मेंआ गया उसे करंट का जोरदार झटका लगा और वह बेहोश होकर नीचे आकर गिरा। अस्पताल में उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। .
घटना के बाद साथी शिवम ने तुरंत ट्रेन मैनेजर (गार्ड) प्रवीण कुमार को जानकारी दी. सूचना मिलने पर भिलाई तीन आरपीएफ, स्थानीय लोग और एंबुलेंस मौके पर पहुंचे. गंभीर रूप से झुलसे श्याम को दुर्ग जिला अस्पताल रवाना किया गया. परिजनों को जानकारी दी गई. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया. जहां बर्न यूनिट में युवक का इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, श्याम 80 प्रतिशत से ज्यादा झुलस गया है. उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
रेलवे बारबार ओएचई लाइन के खतरों से दूर रहने की अपील करता है, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं.

