रायपुर-छत्तीसगढ़ में रात 8 बजे से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हो गया है। रायपुर में भीड़भाड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए निगम ने छोटी-बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए अलग-अलग तालाब और अस्थायी कुंड तैयार किए हैं। वहीं, महादेव घाट में सिर्फ बड़ी मूर्तियों का विसर्जन हो रहा है।
रायपुर के बुढ़ापारा में राउत नाचा की थीम पर ढोल-मंजीरे और पारंपरिक गीतों की गूंज के बीच गणपति बप्पा को विदाई दी। वहीं भिलाई में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान कलाकारों ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। तिरंगे झंडे के साथ देशभक्ति की थीम को जीवंत किया।
वहीं मनेंद्रगढ़ में गणेश विसर्जन के मौके पर मनेन्द्रगढ़ में गणेश विसर्जन के मौके पर सांप्रदायिक एकता और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। मुस्लिम युवक ने गणेश रथ की रस्सी पकड़कर उसे खींचा। साथ ही हिंदू युवकों के साथ डांस भी किया।
रायपुर में 800 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जा रही है। रात 8 बजे से शास्त्री चौक, जयस्तंभ चौक, तात्यापारा चौक, शारदा चौक, मौदहापारा, मालवीय रोड, कालीबाड़ी चौक और फायर बिग्रेड चौक से कोतवाली चौक की ओर सभी तरह के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित है।
रायपुर के कालीबाड़ी चौक में गणपति बप्पा की विदाई का माहौल बेहद खास रहा। विसर्जन यात्रा के दौरान डीजे पर फिल्मी गाने बजाए गए, जिस पर श्रद्धालु झूमते और नाचते हुए नजर आए। बप्पा की विदाई में हर तरफ उत्साह और उमंग देखने को मिली।
गणपति बप्पा की झांकी के साथ बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। महिलाओं और युवाओं ने भी फिल्मी गानों की धुन पर जमकर डांस किया। श्रद्धालुओं ने बप्पा से अगले वर्ष फिर जल्दी आने की कामना करते हुए परंपरागत तरीके से पूजा-अर्चना कर उन्हें विदाई दी।
सरगुजा के अंबिकापुर में गणपति स्थापना समिति द्वारा सार्वजनिक विसर्जन समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर भगवान गणेश की प्रतिमाओं को गाजे-बाजे के साथ नगर भ्रमण कराते हुए श्रद्धालुओं ने धूमधाम से विदाई दी।
विसर्जन शोभायात्रा की खास झांकी भगवान भोलेनाथ की रही। मां पार्वती के साथ नंदी पर विराजमान भोलेनाथ की भव्य प्रस्तुति ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रद्धालु झूमते-गाते इस शोभायात्रा में शामिल हुए।

