धमतरी
नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है. धमतरी से कांग्रेस महापौर प्रत्याशी विजय गोलछा का नामांकन राज्य निर्वाचन आयोग ने रद्द कर दिया है. कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी विजय गोलछा के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने गंभीर आरोप लगाए थे. बीजेपी की आपत्ति के बाद निर्वाचन अधिकारी ने विजय गोलछा का नामांकन रद्द कर दिया.
राज्य निर्वाचन अधिकारी ने नामांकन रद्द करने के पहले दोनों पक्षों की लंबी सुनवाई की. दोनों ओर से वकीलों ने निर्वाचन आयोग के सामने अपना अपना पक्ष रखा. दोनों का पक्ष सुनने के बाद रिटर्निंग अधिकारी ने धमतरी से कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी विजय गोलछा का नामांकन रद्द कर दिया.
धमतरी महापौर पद के लिए कांग्रेस पार्टी ने विजय गोलछा को उम्मीदवार बनाया था. भारतीय जनता पार्टी का आरोप था कि कांग्रेस प्रत्याशी विजय गोलछा नगर निगम धमतरी में ठेकेदारी करते रहे हैं. नगर निगम में ठेकेदारी करने की वजह से वो एक तरह से वहां से आय या फिर कहें लाभ ले रहे हैं.
जैसे ही निर्वाचन अधिकारी ने कांग्रेस प्रत्यााशी विजय गोलछा का नामांकन रद्द कर दिया वैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी और प्रदर्शन करने लगे. कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि विजय गोलछा का नामांकन रद्द करना गलत है.
बिलासपुर वार्ड नंबर 13- यहां से कांग्रेस उम्मीदवार ने नामांकन पत्र के साथ जाति प्रमाण पत्र ही जमा नहीं किया। जिसके चलते उसका नामांकन निरस्त हो गया और बीजेपी प्रत्याशी को वॉकओवर मिल गया। इधर, कांग्रेस ने जाति प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं करने वाले उम्मीदवार श्याम पटेल को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
कोरबा जिले के कटघोरा वार्ड 13- भाजपा प्रत्याशी का एकमात्र नामांकन दाखिल हुआ, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल ही नहीं किया।
कटघोरा के ही वार्ड 18- कटघोरा के ही वार्ड-18 में भी बीजेपी को ही वॉकओवर मिला। यहां कांग्रेस प्रत्याशी ने बुधवार को नामांकन वापस ले लिया।
दुर्ग वार्ड नंबर 21- कांग्रेस प्रत्याशी मीरा सिंह ने नाम वापसी के दिन नामांकन वापस ले लिया। इससे भाजपा प्रत्याशी विद्यावती सिंह निर्विरोध पार्षद निर्वाचित हो गईं। इस वार्ड से भी किसी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं भरा था.

