रायपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर के अंतिम वर्ष के सूचना प्रौद्यौगिकी ब्रांच के हृदम पलवे, साक्षी अग्रवाल और आदित्य श्रीवास्तव, कैमिकल ब्रांच की प्रशंसा गुप्ता और इलेक्ट्रीकल ब्रांच की अस्मिता शर्मा को प्रसिद्ध सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट में पीपीओ (प्री-प्लेसमेंट ऑफर) प्राप्त हुआ है। इस कंपनी की शुरुआत होम मेड विंडो सॉफ्टवेयर के लिए हुई थी लेकिन आज यह अपने सॉफ्टवेयर के लिए दुनियाभर में जानी जाती है।
सूचना प्रौद्योगिकी ब्रांच की साक्षी अग्रवाल को माइक्रोसॉफ्ट में सॉफ्टवेयर इंजीनियर (एसडबल्यूई) पद के लिए पीपीओ ऑफर हुआ है। उनका सीटीसी 55 लाख है। वे बतातीं हैं कि ऐसे कॉम्प्लिकेटेड एप्लिकेशन बनाने वाले कंप्यूटर और सॉफ़्टवेयर के साथ काम करना उन्हें हमेशा आकर्षित करता है। उनकी यात्रा माइक्रोसॉफ्ट एंगेज प्रोग्राम से शुरू हुई, जहां उन्होंने दिए गए प्रॉब्लम स्टेटमेंट्स से एक प्रोजेक्ट बनाया। अपने प्रोजेक्ट के चयन के बाद, कुछ इंटरव्यू राउंड्स हुए और फिर उन्हें 15 मई से 7 जुलाई तक माइक्रोसॉफ्ट में इंटर्नशिप की पेशकश की गई। इंटर्नशिप पूरी होने पर 15 सितंबर इंजीनियर्स डे के शुभावसर पर उन्हें कंपनी से एफटीई के तौर पर वहां ज्वाइन करने के लिए पीपीओ ऑफर मिला। साक्षी बतातीं हैं कि उनकी तैयारी में सीपी, फ्रंट और बैकएंड डेवलपमेंट, डीएसए, अन्य कोडिंग भाषाएं और कुछ आईटी ब्रांच के विषय शामिल थे। उन्होंने अपने जीवन के इन लक्ष्यों को पूरा करने के लिए और अपने कौशल को विकसित करने का मंच प्रदान करने के लिए अपने ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल और संस्थान को धन्यवाद दिया। वे कहती हैं कि एनआईटी रायपुर का छात्र होना उनके लिए गर्व की बात है क्योंकि उनके प्रोफेसरों ने उन्हें हमेशा उचित मार्गदर्शन दिया है।

