रायपुर: छत्तीसगढ़की सियासत में इन दिनों ‘अफीम’ तेजी से गूंज रहा है। दरअसल प्रदेश के तीन जगहों में अफीम की खेती का खुलासा है, जिसमें भाजपा नेताओं का नाम सामने आया है। मामला सामने आने के बाद तो कांग्रेस की झोली में सरकार को घेरने का एक नया मुद्दा आ गया। अफीम की खेती को लेकर पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने मीडिया से बात करते हुए सरकार पर करारा प्रहार किया है। लेकिन दूसरी ओर शिव डहरिया के बयान पर विधायक सुनील सोनी ने भी तगड़ा जवाब दिया है।
विधायक सुनील सोनी ने शिव डहरिया के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस के कार्यकाल में अपराधियों का बहुत आतंक था सरेआम गोलियां चलती थी तो ऐसे में आपका चुनाव चिन्ह बंदूक हो जाना चाहिए। उन्होंने शिव डहरिया पर तंज कसते हुए कहा कि डहरिया जी होली खत्म हो चुकी है सोच समझकर बयान दीजिए।
बता दें कि इससे पहले शिव डहरिया ने कहा था कि जिस तरह से छत्तीसगढ़ में एक के बाद एक अफीम की खेती पकड़ा रही है और सरकार इसको लेकर केवल छोटे कर्मचारियों पर ही कार्रवाई कर रही है भाजपा का अ गला चुनाव चिन्ह कमल फूल के बजाए अफीम का फूल होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार नाम की चीज नहीं दिख रही है,पूरा इंटेलिजेंस फेलवर है।
उन्होंने आगे कहा कि झारखंड के जेल में बंद कैदी छत्तीसगढ़ में अफीम माफिया चला रहा है और सरकार को इसकी खबर तक नहीं। लोगों का ध्यान भटकने के लिए केवल पटवारी पर कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा है कि सिर्फ छोटे व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई करने से कुछ नहीं होगा, कलेक्टर पर भी एक्शन होना चाहिए।

