तिल्दा नेवरा -सत्यनारायण अग्रवाल शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, कोहका-नेवरा में दो दिवसीय राष्ट्रीय गणित दिवस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन महाविद्यालय के गणित विभाग द्वारा विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि, तार्किक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं रचनात्मकता के विकास के उद्देश्य से आयोजित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती एवं श्रीनिवास रामानुजन के माल्यार्पण के साथ हुआ।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.एम.एल.वर्मा ने विद्यार्थियों को गणित के महत्व, तर्कशक्ति एवं जीवन में उसकी उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए निरंतर अध्ययन एवं नवाचार के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. पुरुषोत्तम झा, प्राचार्य, शासकीय नवीन महाविद्यालय, कोमाखान (छ.ग.) उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायक व्याख्यान में महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जीवन, उनके योगदान तथा गणितीय चिंतन की महत्ता पर प्रकाश डाला। इसी दिन विद्यार्थियों के लिए रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने गणितीय आकृतियों, संख्याओं एवं रचनात्मक डिजाइनों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के द्वितीय दिवस डॉ. भुनेश्वरी वर्मा एवं डॉ. नियति गुरुद्वान, गणित विभाग, शासकीय जे. वाय. छत्तीसगढ़ महाविद्यालय, रायपुर (छ.ग.) की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों को गणित के व्यावहारिक महत्व, तार्किक सोच तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में गणित की भूमिका के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए गणितीय मॉडल प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता तथा ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपनी रचनात्मकता, ज्ञान, तार्किक क्षमता एवं टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन देहुति साहू के द्वारा समन्वयक दिनेश कुमार बंजारे, विभागाध्यक्ष, गणित विभाग के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण, निर्णायकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में डॉ संध्या लांजेवर के द्वारा सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक एवं उत्साहवर्धक सिद्ध हुआ। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, रायपुर तथा एन सी एस टी सी, नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित था।

