रायगढ़। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के डिमरापुर रोड स्थित एक्सिस बैंक में मंगलवार की सुबह अज्ञात हथियार बंद नकाबपोश डकैतों ने धावा बोला और लगभग 7 करोड़ रुपये लेकर फरार हो गए। नकाबपोश बैंक खुलते ही बैंक के अंदर घूसे और मैनेजर पर हमला कर बाकी स्टाफ को अपने कब्जे में लिया और रकम लेकर फरार हो गए।
घटना सुबह 9.30 बजे के आसपास की बताई जा रही है उस समय बैंक का स्टाफ अंदर था, ग्राहकों की संख्या नहीं के बराबर थी, अभी काम ठीक से शुरु भी नहीं हो पाया था कि अज्ञात नकाबपोश लूटेरे जिनकी संख्या लगभग 7 के आसपास बताई जा रही है जो बाइक से आए थे। इनमें से तीन हथियारबंद नकाबपोशों ने बैंक के अंदर प्रवेश किया और बैंक मैनेजर पर हमला कर उसे अपने कब्जे में लेते हुए शेष कर्मचारियों को हिल्ले का मौका भी नहीं दिया और बैंक में रखे लगभग 7 करोड़ रुपये लेकर बाहर निकले और बाइक में सवार होक फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कप्तान सदानंद कुमार पूरी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल मैनेजर को पहले अस्पताल भेजकर शहर की चारों सीमाओं को सील कर दिया है, साथ ही पुलिस सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाल रही है।
डकैती की घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस कप्तान सदानंद कुमार ने बताया कि डकैती के वारदाता की सूचना लगभग 10 बजे के आसपास बैंक कर्मचारियों को 112 को दी, सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और इसी दौरान शहर से निकलने वाली सभी बाहरी सीमाओं पर चौकसी बढ़ाते हुए सील करने के आदेश दिए। उन्होंने बताया कि नकाबपोश डकैतों ने जिस समय बैंक के अंदर प्रवेश किया उस समय बैंक में ग्राहकों की आवाजाही शुरु नहीं हुई थी, केवल बैंक के कर्मचारी ही कार्य शुरु करने की तैयारी कर रहे थे। नकाबपोश हथियारबंद डकैतों ने मैनेजर पर हमला कर उन्हें अपने कब्जे में ले लिया और उस समय वहां रखी गई रकम लूटकर फरार हो गए।
उल्लेखनीय हैं कि इससे पूर्व भी एक्सिस बैंक में इसी प्रकार की डकैती हुई थी जिसका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। उस समय भी नकाबपोशधारी डकैतों ने इसी प्रकार अंजाम दिया था।

