छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का बड़ा बयान सामने आया है। पीसीसी अध्यक्ष बैज ने कहा कि कांग्रेस के साथ भगवान राम और हनुमान दोनों है। जबकि बीजेपी के पास केवल मोदी है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक और हिमाचल में हनुमान जी ने हमारी नैय्या पार लगाई है। छत्तीसगढ़ में भी वे हमारी नैय्या पार कराएंगे और कांग्रेस दोबारा सत्ता में काबिज होगी। बता दें कि दीपक बैज का ये बयान उस वक्त आया, जब वे जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में शामिल होने से पहले कांग्रेस भवन में स्थित हनुमान मंदिर में पूजा की। उन्होंने कहा कि किसी भी आयोजन में जाता हूं, अगर वहां मंदिर हो या देव गुढ़ी होता है तो सबसे पहले पूजा करता हूं। इससे सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। इधर बैज के बयान को लेकर बीजेपी मीडिया विभाग प्रमुख अमित चिमनानी ने कहा कि भगवान राम हमेशा अपने भक्तों के साथ हैं यानि भाजपा के साथ है । जिन्होंने भगवान राम को काल्पनिक पात्र कहा,राम सेतु के अस्तित्व पर सवाल उठाया,मंदिर कब बनाओगे, ये कहकर अनेकों बार रामभक्तों का उपहास किया,राम मंदिर का फैसला आने में देरी हो इसका पूरा प्रयास किया गया।
ऐसी कालनेमी रूपी कांग्रेस के साथ भगवान राम भी नहीं और जनता भी नही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भगवान राम का नाम मजबूरी में लेती है क्योंकि उसे पता है राम नाम नहीं लेने वालो को देश की जनता खदेड़ देती है।
जल्द हमारी कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी
कार्यकारिणी के गठन को लेकर दीपक बैज ने कहा कि जल्द ही हमारी कार्यकारिणी की घोषणा हो जाएगी। नई कार्यकारिणी में युवाओं को महत्व दिया जाएगा। इसमें NSUI और यूथ कांग्रेस के लोग भी शामिल होंगे। उन्होंने टिकट वितरण को लेकर कहा कि बहुत से लोग दावेदारी कर रहे हैं। पार्टी के मापदंड के तहत टिकट दी जाएगी। पार्टी केवल विनिंग कैंडिडेट को ही टिकट देगी। बैठक को लेकर दीपक बैज ने कहा कि रायपुर जिले के तमाम पदाधिकारियों की बैठक है। बैठक जिले के बूथ से जिला स्तर तक के पदाधिकारी शामिल हैं।उनसे चुनाव को लेकर चर्चा की जाएगी।
पीएम को मणिपुर का दौरा करना चाहिए
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर चर्चा चल रही है। इसे लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पीएम मोदी को पहले मणिपुर जाना चाहिए। दीपक बैज ने कहा कि हरियाणा भी जल रहा है, वहां भी जाना चाहिए. छत्तीसगढ़ शांत प्रदेश है, यहां उन्हें सत्ता चाहिए, यहां वोट मांगने आ रहे हैं। डबल इंजन की सरकार है, उन्हें मणिपुर की चिंता नहीं है, उन्हें चुनाव की चिंता है।

