सरगुजा: 31 जनवरी को खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान खरीदी बंद कर दी गई. सरकार से मिली जानकारी के अनुसार लगभग 140 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी किसानों से की गई है. लेकिन ये बात भी सामने आ रही है कि प्रदेश भर में कई किसान है जो अपना धान नहीं बेच पाए हैं. धान खरीदी की तारीख बढ़ाने को लेकर एक तरफ किसान जगह जगह प्रदर्शन कर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ विपक्ष भी सरकार पर हमलावर है. कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाया है.
धान खरीदी की तारीख बढ़ाने को लेकर सीएम विष्णुदेव साय ने सरगुजा में जवाब दिया. सीएम साय सोमवार को भाजपा कार्यालय के नवीन भवन का भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने सरगुजा पहुंचे थे. उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, मंत्री ओपी चौधरी, राजेश अग्रवाल, लक्ष्मी राजवाड़े भी साथ थे.
गरियाबंद हिंसा पर कांग्रेस के आरोपों पर सीएम का जवाब
सीएम साय ने गरियाबंद जिले में हुई झड़प पर कांग्रेस के आरोपों पर भी जवाब दिया. सीएम ने कहा कांग्रेस मुद्दा विहीन हो गई है और बार बार चुनाव हारकर इतना बौखला गई है कि उनके पास कोई मुद्दा भी नहीं है. इसलिए लगातार झूठे आरोप लगाते हैं. सीएम ने कहा कि प्रदेश में चाहे अपराध हो, भ्रष्टाचार हो जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम किया जा रहा है. यदि कोई अत्याचार करेगा या भ्रष्टाचार करेगा तो उस पर सख्ती से जांच होगी और सख्त से सख्त कारवाई होगी.”
वहीं अंबिकापुर में भाजपा कार्यालय के नवीन भवन पर मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को बधाई दी. उन्होंने कहा कि पहले का कार्यालय छोटा था, वहां पर पार्किंग की भी तकलीफ थी. अब बड़े जगह पर कार्यालय बन रहा है, कार्यकर्ताओं में उत्साह है. पूरी ऊर्जा के साथ पार्टी का काम कर पाएंगे.

