रायपुर में आयकर विभाग (IT) ने आज लोहा कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की। विभाग ने दो से तीन प्रमुख कारोबारियों के घर, ऑफिस और औद्योगिक प्लांट में एक साथ दबिश दी है।
छत्तीसगढ़ में लोहा कारोबारियों के 50 ठिकानों पर आयकर विभाग का छापा पड़ा है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और रायगढ़ में स्पंज आयरन, स्टील रोलिंग, पॉवर प्लांट और जमीन कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश दी गई है।100 से अधिक CRPF जवान मौके पर तैनात हैं। सभी ठिकानों पर दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। जमीन कारोबारियों के ठिकानों पर भी आयकर विभाग की टीम पहुंची है।
30 नवंबर को देशभर में मेडिकल कॉलेज मान्यता के लिए रिश्वतखोरी केस में इन्फोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) ने छत्तीसगढ़ समेत 8 राज्यों में रेड मारी। इनमें रायपुर का रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज भी शामिल था। ED अधिकारियों ने रेड के दौरान कई डिजिटल सबूत जब्त किए हैं।ED के मुताबिक रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर अतुल कुमार तिवारी के घर पूछताछ की गई। रेड के दौरान मोबाइल फोन, DVR, पेन ड्राइव और हार्ड डिस्क जब्त किए गए। बैंक से अकाउंट की जानकारी भी मांगी गई। ED की टेक्निकल टीम सबूतों की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार आयकर विभाग ने ओम स्पंज के मालिक अरविंद और अमर अग्रवाल के ठिकानों पर कार्रवाई की। दोनों कारोबारियों पर आरोप है कि उन्होंने अपनी आय के स्रोतों को छिपाने और कर चोरी करने के लिए कुछ संदिग्ध लेन-देन किए हैं।
24 नवंबर को रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोंडागांव और अंबिकापुर में ACB-EOW की टीमों ने छापेमारी की। शराब घोटाले और DMF से जुड़े मामलों की जांच आगे बढ़ाते हुए टीमों ने रविवार तड़के करीब 19 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी थी।
DMF घोटाले में हरपाल सिंह अरोड़ा और उनसे जुड़े व्यक्तियों और ठेकेदारों के यहां रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा, कोंडागांव, धमतरी और बलरामपुर मिलाकर 11 स्थानों पर सर्च की गई। वहीं शराब घोटाला प्रकरण में जेल में बंद अनिल टुटेजा और निरंजन दास के परिजनों से जुड़े बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और बस्तर के 8 ठिकानों पर छापे मारे गए।

