रायपुर: अफीम की खेती पर विपक्ष के हमलों के बीच सीएम विष्णुदेव साय ने कड़ा रुख अपनाया है. सीएम साय ने सभी जिलों के कलेक्टर्स को अपने अपने जिलों में अफीम की अवैध खेती को लेकर संभावित क्षेत्रों का व्यापक सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं.
मुख्यमंत्री साय ने साफ कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि राज्य के किसी भी क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम की खेती न हो रही हो. उन्होंने कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि 15 दिन के अंदर प्रमाण पत्र सहित विस्तृत जांच रिपोर्ट शासन को देना सुनिश्चित करें.
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस”
विष्णुदेव ने कहा है कि प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन और कारोबार के प्रति सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम हो रहा है. ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद आयुक्त भू-अभिलेख ने सभी जिला कलेक्टरों को सर्वे कर जांच रिपोर्ट और उनके जिले में अफीम की खेती नहीं किए जाने संबंधी प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के संबंध में पत्र जारी कर दिया है.
बता दें कि गुरुवार को पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने सीएम विष्णुदेव साय पर अफीम लगाने का स्टार्टअप शुरू करने का आरोप लगाया. बघेल ने इस मामले में मीडिया को भी घेरा और कहा कि अफीम उगाने वाले जो भाजपा नेता के करीबी है उनका नाम उजागर नहीं किया जा रहा है. भूपेश ने कहा कि अफीम लगाने वालों के संबंध किन किन से है उनके पास इसके सबूत है. वहीं कांग्रेस 17 मार्च को इस मामले में विधानसभा घेराव की तैयारी में है.

