छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर कुछ युवकों ने जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए सड़क को ब्लॉक कर दिया 16 फरवरी की रात व्यस्त रहने वाले अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर उन्होंने जमकर आतिशबाजी की। जिससे ट्रैफिक जाम हो गया. इसके बाद कार की बोनट पर केक काटकर बर्थडे सेलिब्रेशन किया गया। इस दौरान करीब 1 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। एम्बुलेंस सहित कई गाड़ियां फंसी रही। आधे घंटे तक दोनों ओर गाड़ियां खड़ी थी।जिसका वीडियो 2 दिन बाद अब वायरल हो रहा है । इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी युवक अंबिकापुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मामला जयनगर थाना क्षेत्र का है। बता दें कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सड़कों पर बर्थडे सेलिब्रेशन, स्टंट और यातायात बाधित करने के मामलों में सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद लगातार इस तरह के वीडियो सामने आ रहे हैं।
वायरल वीडियो 16 फरवरी की रात का है। अंबिकापुर के कुछ युवक चठिरमा सीमा क्षेत्र में सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर बने बैरियर के पास स्थित एक ढाबे में बर्थडे पार्टी मनाने पहुंचे थे। युवकों ने पहले ढाबे में पार्टी की और इसके बाद हाईवे पर आकर सड़क जाम कर दिया। अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर चारपहिया वाहन खड़े कर दोनों ओर से सड़क बंद कर दी। फिर जमकर आतिशबाजी की गई और कार की बोनट पर केक काटा गया। इससे हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। कई गाड़ियां जाम में फंसी रही। हालांकि, सेलिब्रेशन खत्म होने बाद यातायात बहाल हुई।
वीडियो में एक एम्बुलेंस भी जाम में फंसी हुई दिखाई दे रही है। हालांकि, एम्बुलेंस में मरीज मौजूद था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। इधर, सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद उसे डिलीट कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि सड़क जाम कर बर्थडे मनाने वाले युवक अंबिकापुर के हैं। फिलहाल, उनके संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। हालांकि, वीडियो में युवकों के चेहरे नजर आ रहे हैं। जिनकी पहचान की जा रही है।
इस मामले में लटोरी पुलिस चौकी में आरोपियों के खिलाफ धारा 285, 126(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। चौकी प्रभारी अरूण गुप्ता ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आया है। वीडियो के आधार पर 5 से 7 युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
छत्तीसगढ़ में लगातार हाईवे पर बर्थडे सेलिब्रेशन के वीडियो वायरल हो रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेकर सख्ती दिखाई थी। 3 महीने पहले हाईकोर्ट ने कहा था कि पुलिस की कार्रवाई केवल दिखावे के लिए नहीं होनी चाहिए।
हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरु की डिवीजन बेंच ने कहा था कि पुलिस की कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए, जिससे ऐसे अपराधियों को सबक मिले। कोर्ट ने सड़कों पर स्टंटबाजी के साथ ही बर्थ-डे सेलिब्रेशन पर राज्य सरकार से कहा कि नियमों और प्रावधानों का सख्ती से पालन करें।

