जानवरों के शिकार के लिए बिछाया मौत का जाल, करंट की चपेट में आने से दो लोगों की मौत

वीसीएन टाइम्स
2 Min Read
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां जंगली जानवर का शिकार करने के लिए तार बिछाकर इसमें करंट फैलाया गया था। इसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

कोरबाः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। इसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक जंगली जानवर का शिकार करने के लिए बिछाए गए बिजली के तार के संपर्क में आ गए। इस तार में करंट फैलाया गया था इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को घटना के बारे में जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के बालको थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेला गांव के जंगल में करंट लगने से दो ग्रामीणों नारायण कंवर (35) और टिकेश्वर राठिया (32) की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि कंवर और राठिया सोमवार को टापरा गांव की ओर मछली पकड़ने के लिए गए थे। शाम को जब वह अपने गांव बेला लौट रहे थे तब वह बिजली के तार की चपेट में आ गए और करंट लगने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

जीआई तार में फैलाया करंट

घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जंगली जानवर का शिकार करने के लिए शिकारियों ने जीआई तार में करंट प्रवाहित कर जंगल में छोड़ दिया था। इसकी चपेट में दोनों ग्रामीण आ गए। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रात होने के चलते आज सुबह पोस्टमार्टम कराने के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा जंगल में तार बिछाकर करंट प्रवाहित करने वाल लोगों की तलाश की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *