रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भाजपा नए जिला अध्यक्ष की नियुक्ति करने जा रही है। जहां श्याम नारंग को रायपुर ग्रामीण का जिला अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं रायपुर शहर के नाम पर चर्चा जारी है। दुर्ग जिले के भिलाई में पुरुषोत्तम देवांगन को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं सूरजपुर जिले में मुरली सोनी को जिला अध्यक्ष बनाया गया है।
जिला चुनाव अधिकारी गौरीशंकर अग्रवाल और पर्यवेक्षक भूपेंद्र सवन्नी ने पुरुषोत्तम देवांगन के नाम की घोषणा की है। जिसके बाद भाजपा कार्यालय में गाजे- बाजे के साथ नए जिला अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया। नए जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन विधायक रिकेश सेन और डॉक्टर सरोज पाण्डेय के काफी करीबी है। इस घोषणा बैठक में पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे भी मौजूद थे।
मुरली सोनी सूरजपुर के नए जिला अध्यक्ष
सूरजपुर जिले में मुरली सोनी को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा कार्यालय में चुनाव प्रभारी चंपा देवी पावले ने उनके नाम की घोषणा की। जिले के तीनों विधायक ने लिफ़ाफा खोला। लिफाफा खोलते ही पूरा भाजपा कार्यालय ढोल नगाड़े के साथ गूंज उठा। मुरली सोनी इससे पहले जिला महामंत्री थे। लेकिन अब वे जिला अध्यक्ष के दौड़ में शामिल थे। वे पूर्व पाठ पुस्तक निगम के अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता भीमसेन अग्रवाल के समर्थक माने जाते हैं।
रायगढ़ से भी जिलाध्यक्ष के नाम का ऐलान हो गया है।अरुणधर दीवान रायगढ़ के नये जिला अध्यक्ष बनाये गये हैं। रायगढ़ जिला प्रभारी धरमलाल कौशिक रायपुर से जिला अध्यक्ष के नाम का लिफाफा लेकर रायगढ़ पहुंचे थे। मण्डल अध्यक्षों की बैठक के बाद उन्होंने नामों की घोषणा की। वहीं 6 प्रदेश प्रतिनिधि भी नियुक्त किये गये हैं। जिला भाजपा अध्यक्ष के लिए अरुणधर दीवान के नाम की हुई घोषणा हुई।
भाजपा ने कांकेर जिले की कमान महेश जैन के हाथों सौंपी है। आगामी दिनों में होने वाले पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव में महेश जैन की अहम भूमिका देखने को मिलेगी। वहीं, पार्टी ने मुरली मनोहर सोनी को सूरजपुर और बिजापुर के लिए घासीराम नाग को जिला अध्यक्ष बनाया है। वहीं बालोद जिला भाजपा अध्यक्ष के लिए चेमन देशमुख का चुनाव किया गया है।
वहीं बलरामपुर में भी भाजपा जिलाध्यक्ष के नाम की भी घोषणा कर दी गयीहै। पर्यवेक्षक नंदकुमार नंदे और भाजपा जिला प्रभारी अखिलेश सोनी ने ओमप्रकाश जायसवाल के नाम का ऐलान जिलाध्यक्ष के रूप में किया है। आपको बता दें कि इससे पहले भी ओमप्रकाश जायसवाल ही अध्यक्ष थे।
नए अध्यक्षों की घोषणा के बाद उनके समर्थक ढोल नगाड़ों पर नाचते नजर आए वही एक दूसरे को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया गया..
श्याम नारंग को रायपुर ग्रामीण का जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर तिल्दा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया है स्टेशन चौक पर जबरदस्त आतिशबाजी की गई नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष महेश अग्रवाल, पार्षद विकास कोटवानी एवं रवि सेन ने श्याम नारायण से मिलकर उन्हें गुलदस्ता भेंट कर प्रदेश बनने की बधाइयां दी..