छत्तीसगढ़ में राजनीतिक पार्टियां विधानसभा चुनाव से पहले हर वर्ग को साधने जुटी हुई हैं। ऐसे में बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा बुधवार को राजधानी रायपुर में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन का आयोजन करने जा रहा है। रायपुर के शहीद स्मारक भवन में होने वाले इस सम्मेलन में करीब 2 हजार से ज्यादा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के आने का दावा किया जा रहा है।
सम्मेलन में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी, पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, सांसद विजय बघेल समेत अन्य नेता शामिल होंगे। वहीं सम्मेलन को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने निशाना साधा है। CM ने कहा कि, इनके मुंह में राम और बगल में छुरी है। सम्मान करना अच्छी बात है, लेकिन दिल से करें। ये जहर क्यों उगलते हैं।
बीजेपी को ‘इंडिया’ शब्द से तकलीफ
हाल ही में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह का I.N.D.I.A. गठबंधन को लेकर दिए गए बयान कि ये नाम सफलता नहीं दिला सकता है। अब (इंडिया गठबंधन) उनकी हार सुनिश्चित है। इसे लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि, I.N.D.I.A. गठबंधन बनने के बाद स्थिति ऐसी है कि अभी राष्ट्रपति भवन से जो निमंत्रण पत्र मिला है,उसमें प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया की जगह प्रेसिडेंट ऑफ भारत लिखा हुआ है।
सीएम ने कहा कि इन्हें इंडिया शब्द से इतनी तकलीफ है। संविधान में ही लिखा है, वहां से शुरुआत होती है। इस देश को भारत भी कहा जाता है, भारतवर्ष भी कहते है और पंडित जी जब पढ़ते हैं तो जम्मू द्विपे, भारत खंडे कहते हैं। कितने ही नाम से देश को जाना जाता है और इनको इंडिया नाम से परहेज है। उन्होंने कहा कि आज इंडिया गठबंधन बना है, उनसे इनको परहेज हो रहा है, अगर कल कोई भारत नाम का संगठन बने तो क्या वो भी बदलेंगे?