केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के घर में गोली लगने से शख्स की मौत, मंत्री के बेटे की पिस्टल से हुआ फायर

वीसीएन टाइम्स
2 Min Read
पुलिस अधिकारी ने कहा कि गोली लगने से एक शख्स की मौत हुई है। उसके सिर में गोली लगी है। फोरेंसिक टीम भी मौके पर मौजूद है। जांच की जा रही है।

लखनऊ के दुबग्गा में केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के घर के अंदर भाजपा कार्यकर्ता की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान विनय श्रीवास्तव के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। युवक के सिर में गोली मारी गई है। पिस्टल सांसद के बेटे विकास किशोर की बताई जा रही है। परिजनों ने छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है, इनमें से तीन आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं मंत्री कौशल किशोर ने कहा है कि घटना के वक्त उनका बेटा यहां मौजूद ही नहीं था वह दिल्ली में था।

मामला ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के बेगरिया का है। शुक्रवार की सुबह तड़के चार बजे केंद्रीय मंत्री के बेटे के घर में भाजपा कार्यकर्ता विनय श्रीवास्तव की गोली लगने से मौत हो गई। विनय श्रीवास्तव के परिजनों ने लिखित तहरीर दी है। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि विनय की मौत केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के पुत्र विकास किशोर की पिस्टल से हुई है। ठाकुरगंज दुबग्गा पुलिस मौके पर पहुंची है। विनय श्रीवास्तव केंद्रीय मंत्री के बेटे का करीबी था। बताया जा रहा है कि जिस समय गोली चली है उस समय घर में कई और लोग भी मौजूद थे।

पुलिस अधिकारी ने कही ये बात
पुलिस अधिकारी ने कहा कि गोली लगने से एक शख्स की मौत हुई है। उसके सिर में गोली लगी है। फोरेंसिक टीम भी मौके पर मौजूद है। जांच की जा रही है। गोली किन परिस्थितियों में चली इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं मंत्री कौशल किशोर ने मामले को लेकर कहा कि उन्हें जब मामले की जानकारी हुई तो कमिश्नर समेत पुलिस के अन्य अधिकारियों को सूचना दी। साथ ही मृतक के परिजनों के आरोपों को लेकर कहा कि यह जांच का विषय है। जो भी सच है वह बाहर आएगा।
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *