अजय तिर्की की दावेदारी को बताते मजबूत, सिंहदेवे बोले- कुछ प्रत्याशी नए चेहरे हो सकते हैं,2018 में सभी 14 सीटों पर मिली थी जीत

वीसीएन टाइम्स
4 Min Read

कांग्रेस से विधानसभा टिकट के लिए मिले आवेदनों को स्क्रूटनी के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेज दिया गया है। शनिवार को अंबिकापुर में डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि संभाग के कुछ प्रत्याशी नए चेहरे हो सकते हैं। अभी पक्का कह नहीं सकते कि कितने चेहरे नए होंगे। डिप्टी सीएम सिंहदेव ने रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र में अंबिकापुर महापौर डा. अजय तिर्की की दावेदारी को मजबूत बताया है।

2018 में हुए विधानसभा चुनाव में सरगुजा संभाग की सभी 14 सीटों पर कांग्रेस ने ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। आठ विधानसभा सीटों में से प्रतापपुर को छोड़कर भटगांव, प्रेमनगर, रामानुजगंज, सामरी, लुंड्रा, अंबिकापुर एवं सीतापुर सीटों में सभी प्रत्याशी दो या इससे अधिक बार विधायक बनें हैं।

विधानसभावार सीट का हाल

  1. अंबिकापुर विधानसभा से डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव सहित कुल 108 दावेदारों ने आवेदन किया है। टीएस सिंहदेव अंबिकापुर सीट से लगातार तीसरी बार विधायक हैं। यहां टीएस सिंहदेव का 2023 में चुनाव में उतरना तय माना जा रहा है।
  2. प्रदेश के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र से 18 लोगों ने टिकट के लिए आवेदन दिया है। अजजा वर्ग के लिए आरक्षित सीतापुर सीट अमरजीत भगत चौथी बार विधायक बनें हैं।
  3. सरगुजा जिले के लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान विधायक एवं सीजीएमएससी के अध्यक्ष डा. प्रीतम राम विधायक हैं। इससे पहले वे वर्ष 2013 में सरकारी नौकरी छोड़कर सामरी सीट से कांग्रेस के विधायक बने थे। यहां से जिपं अध्यक्ष मधु सिंह, गंगाराम पैकरा, पौलुष कुजुर सहित 8 लोगों ने आवेदन किया है। यहां से भाजपा ने अंबिकापुर के पूर्व महापौर प्रबोध मिंज को प्रत्याशी घोषित किया है।
  4. सूरजपुर जिले की अनारक्षित प्रेमनगर सीट से वर्तमान में विधायक खेलसाय सिंह दूसरी बार विधायक बने हैं। यहां से 41 लोगों ने टिकट के लिए आवेदन किया है। भाजपा ने यहां से भूलन सिंह को प्रत्याशी घोषित किया है।
  5. अनारक्षित भटगांव सीट में पारस नाथ राजवाड़े लगातार दूसरी बार विधायक बनें हैं। कांग्रेस की टिकट के लिए यहां से श्रम आयोग अध्यक्ष शफी अहमद, भैयाथान जनपद उपाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह, भगवती राजवाड़े, सुभाष गोयल सहित 28 लोगों ने आवेदन किया है। भाजपा ने यहां से लक्ष्मी राजवाड़े को प्रत्याशी बनाकर कांग्रेस का समीकरण बिगाड़ दिया है।
  6. अजजा वर्ग के लिए आरक्षित प्रतापपुर सीट में वर्तमान में डा. प्रेमसाय सिंह विधायक हैं। वे भूपेश सरकार में शिक्षामंत्री रहे। दो माह पूर्व उनसे इस्तीफा ले लिया गया और कुछ दिनों पूर्व वे राज्य योजना आयोग के अध्यक्ष बनाए गए हैं। यहां से 31 कांग्रेसियों ने टिकट के लिए आवेदन दिया है। इनमें राज्य अजजा आयोग अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह, विद्यासागर सिंह, शिवभजन मराबी सहित अन्य दावेदार शामिल हैं। भाजपा ने यहां तेज तर्रार नेत्री शकुंतला पोर्ते को चुनाव मैदान में उतारा है।
  7. बलरामपुर जिले के रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र से बृहस्पति सिंह लगातार दूसरी बार के विधायक हैं। यहां डा. अजय तिर्की ने दावेदारी पेश की है। भाजपा ने यहां से कद्दावर नेता रामविचार नेताम को फिर से मैदान में उतारा है।
  8. सामरी विधानसभा क्षेत्र में संसदीय सचिव चिंतामणी महाराज विधायक हैं। यहां से 34 लोगों ने दावेदारी की है। इनमें विजय पैकरा, लालसाय मिंज, दिनेश कुजूर, जिपं सदस्य सहित कई नाम हैं। भाजपा ने यहां प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *