भिलाई: छावनी थाना क्षेत्र के कैंप 2 में एक शादी समारोह के दौरान दिल दहला देने वाली चाकूबाजी की घटना सामने आई है. समारोह के दौरान 2 भाइयों के बीच विवाद हो गया। शराब के नशे में छोटे भाई ने बड़े भाई के पेट पर चाकू से वार किया। जिससे उसके पेट की आंतें बाहर आ गई थीं, गंभीर हालत में घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना 22 दिसंबर को छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-2 के मोची मोहल्ले में हुई,एक घर में शादी समारोह चल रहा था. परिवार और रिश्तेदार खुशी के माहौल में शामिल थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने आपा खोते हुए चाकू निकाल लिया और बड़े भाई अजय पोलते के पेट पर जोरदार वार कर दिया.
चाकू लगते ही अजय गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसके पेट से अंतड़ियां बाहर आ गईं. घटना के तुरंत बाद परिजन घायल अजय पोलते को सुपेला स्थित जिला अस्पताल लेकर गए. जहां उसका इलाज जारी है. घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है ।
घटना की सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. वहीं, शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं.
भिलाई में हफ्तेभर पहले एक ही दिन में दो चाकूबाजी की घटनाएं हुई. पहली घटना स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में हुई. जहां कुछ युवकों ने फास्टफूड ठेला संचालकों पर चाकू से हमला कर दिया.दूसरी घटना भिलाई नगर थाना क्षेत्र में हुई. भिलाई के तालपुरी इलाके में पुरानी रंजिश के चलते आदतन अपराधी सूरज ठाकुर पर तीन युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. घटना को अंजाम देने के बाद युवक फरार हो गए. आरोपियों की तलाश की जा रही है.