तिल्दा नेवरा ;जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने खरोरा से तिल्दा, सिमगा होते हुए टू लेन पहुंच मार्ग को फोरलेन करने की मांग को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया है। राजेंद्र पप्पू बंजारे ने कहा कि यह मार्ग न केवल क्षेत्र की जीवन रेखा है, बल्कि छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा भी है।
खरोरा-तिल्दा-सिमगा- मार्ग पर कई बड़े सीमेंट प्लांट, स्पंज आयरन यूनिट्स और इस्पात फैक्टरियां स्थित हैं. प्रमुख रूप से तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में सेंचुरी सीमेंट (बैकुंठ), सरोरा और तिल्दा में गोडावरी पावर एंड इस्पात, बजरंग पावर एंड इस्पात, संभव स्पंज पावर जैसी इकाइयां, खरोरा और आसपास में डालमिया सीमेंट की प्रस्तावित यूनिट तथा आदानी पावर प्लांट जैसी बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इन फैक्टरियों से रोजाना सैकड़ों ट्रक भारी माल लेकर इस मार्ग पर गुजरते हैं, जिससे सड़क पर लगातार भारी ट्रैफिक रहता है।
राजेंद्र पप्पू बंजारे ने आगे कहा कि वर्तमान में यह मार्ग दो लाइन होने के कारण आए दिन दुर्घटनाए होती है वही हमेशा जाम की स्थति बनी रहती है । इससे क्षेत्र की जनता तो प्रभावित हो ही रही है, साथ ही औद्योगिक उत्पादन और निर्यात पर भी गहरा असर पड़ रहा है।
पप्पू बंजारे ने कहा कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्माइसी शेत्र से चुनाव जीतकर मंत्री बने है . बावजूद सरकार इस महत्वपूर्ण खरोरा-तिल्दा-सिमगा- मार्ग के विकास में पूरी तरह विफल साबित हुई है। राजेंद्र पप्पू बंजारे ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा जहां भी कार्यक्रमों में जाते हैं, सिर्फ गाना गाते नजर आते हैं, लेकिन क्षेत्र की मूलभूत जरूरतों जैसे सड़क विकास, औद्योगिक सुरक्षा और जनता की सुविधा पर कोई ध्यान नहीं देते।
जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने भाजपा सरकार से स्पष्ट मांग की है कि तत्काल इस खरोरा-तिल्दा-सिमगा- मार्ग को फोरलेन करने की घोषणा करें, बजट आवंटित करें और कार्य शुरू करवाएं। साथ ही तिल्दा शहर को छोड़कर बाईपास मार्ग बनाएं। इससे क्षेत्र में दुर्घटनाएं रुकेंगी, यातायात सुगम होगा और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। राजेंद्र पप्पू बंजारे ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र कदम नहीं उठाया तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।