केन्द्रीय मंत्रियों व भाजपा अध्यक्ष का छत्तीसगढ़ में दौरा,लेंगे चुनावी थाह

वीसीएन टाइम्स
3 Min Read

कांग्रेस ने कहा कोई फर्क नहीं पडऩे वाला

रायपुर। विधानसभा चुनाव से पहले अब सूबे में सियासी हलचल शुरु हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने  केन्द्रीय मंत्रियों को संभाग स्तरीय बैठक,समीक्षा व सभा करने का जिम्मा सौंपा है,स्वंय भाजपा अध्यक्ष भी आ रहे हैं। हालांकि प्रदेश के नेता समन्वय बनायेंगे लेकिन कमांड पूरी तरह दिल्ली से होगा। जून महीने में ही प्रस्तावित हैं इनक दौरा। हालांकि इसे केंद्र की मोदी सरकार के नौ साल की उपलब्धियों को लेकर भाजपा एक महीने का महासंपर्क अभियान चला रही है उसका हिस्सा बताया जा रहा है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मरकाम ने कहा कि कोई भी दौरा करे छत्तीसगढ में कोई फर्क नहीं पडऩे वाला।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बिलासपुर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दुर्ग और केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह बस्तर में संभागीय बैठक लेंगे और सभा करेंगे। केंद्रीय मंत्री केंद्र सरकार की योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ संगठन को दिशा निर्देश भी देंगे। गिरीराज सिंह आठ और नौ जून को बस्तर में रहेंगे। पहली बार भाजपा सरकार का कोई केंद्रीय मंत्री बस्तर में रात्रि विश्राम भी करेगा। वहीं, अमित शाह 22 जून को दुर्ग और जेपी नड्डा 30 जून को बिलासपुर आएंगे।

केंद्र की मोदी सरकार के नौ साल की उपलब्धियों को लेकर भाजपा एक महीने का महासंपर्क अभियान चला रही है। इस अभियान में भाग लेने के लिए केंद्रीय नेता पहुंच रहे हैं। विधानसभा चुनाव के लिहाज से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा और केंद्रीय मंत्री शाह का बस्तर दौरा हो चुका है। शाह ने नक्सलियों को चुनौती देते हुए लोकसभा चुनाव से पहले तक उनके सफाए का फरमान सुनाया था। अब शाह दुर्ग संभाग में सभा करेंगे। दुर्ग संभाग की 20 विधानसभा सीट में से 18 पर कांग्रेस का कब्जा है।

कोई फर्क नहीं पड़ेगा-मरकाम

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि शाह आएं या नड्डा, कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में पूरे केंद्रीय मंत्रिमंडल में डेरा डाला था, लेकिन कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया। शाह और नड्डा ने बस्तर का दौरा किया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य छत्तीसगढ़ पर फोकस कर रहे हैं, लेकिन चुनाव में उनकी बुरी तरह हार होगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *