प्रेमी जोड़े कहीं भी मिले, तो करा देंगे शादी’:भिलाई में वैलेंटाइन-डे के विरोध में सड़कों पर उतरे बजरंगी

वीसीएन टाइम्स
2 Min Read

दुर्ग जिले में छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने वैलेंटाइन डे पर चेतावनी दी है कि अगर प्रेमी जोड़े कहीं भी मिलेंगे, तो पकड़कर उनकी शादी करा देंगे। मंगलसूत्र भी खरीद लिए गए हैं, एक पंडित भी साथ लेकर जाएंगे। बजरंग दल ने कहा है कि परिजन अपने बच्चों पर निगरानी रखें। इस बयान के बाद पुलिस महकमा भी अलर्ट हो गया है।

आज 14 फरवरी यानी वैलेंटाइन डे है। इस दिन को युवक-युवती एक-दूसरे के साथ आपसी प्रेम के रूप में मनाते हैं। जबकि बजरंग दल इसका विरोध कर रहा है। उनका मानना है कि यह भारतीय संस्कृति के खिलाफ है। इससे उनकी संस्कृति बदनाम हो रही है। लड़के-लड़की गलत दिशा में जाते हैं, इसलिए ऐसे किसी भी त्यौहार या पर्व का समर्थन न कर उसका विरोध करते हैं।

प्रेमी जोड़े पकड़े जाएंगे, उनकी शादी कराएंगे

छत्तीसगढ़ बजरंग दल के विभाग संयोजक रवि निगम का कहना है कि बजरंग दल वैलेंटाइन डे का विरोध करेगा। विदेशी संस्कृति के विरोध में पहले रैली निकाली जाएगी, फिर पार्क, होटलों और सार्वजनिक जगहों पर सर्चिंग की जाएगी। यहां जो भी प्रेमी जोड़े पकड़े जाएंगे, उनके माता-पिता को बुलाकर उनकी शादी कराएंगे।

शादी कराने के लिए थोक में खरीदे मंगलसूत्र

इस बार बजरंगियों ने विरोध को लेकर अलग ही तैयारी की है। छत्तीसगढ़ बजरंग दल के विभाग संयोजक रवि निगम ने मंगलसूत्र भी खरीद लिए हैं। वे एक पंडित को भी साथ लेकर जाएंगे। माता-पिता के विरोध को भी बजरंगी नहीं मानेंगे और पकड़े गए युवक-युवती की जबरन शादी करा देंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *