तीन बेटे और दो बेटियों के साथ पूजा कर रही थी मां, रहस्यमयी तरीके से दो बच्चों की हुई मौत

वीसीएन टाइम्स
2 Min Read

जांजगीर: छत्तीसगढ़ में सक्ती जिले के एक गांव में दो सगे भाइयों की रहस्यमय परिस्थिति में मौत हो गई है। पुलिस ने परिवार के चार अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती भी कराया है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में बाराद्वार थाना क्षेत्र के तांदुलडीह गांव में दो सगे भाइयों विकास गोड और विक्की गोड की रहस्यमय परिस्थिति में मौत हो गई है तथा पुलिस ने महिला, उसके एक बेटा और दो बेटियों को अस्पताल में भर्ती कराया है।

चीखने की आवाज सुनकर लोगों ने दी जानकारी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तांदुलडीह गांव के एक घर में फिरित बाई, अपने तीन बेटे और दो बेटियों के साथ किसी बाबा की फोटो को सामने रखकर जाप कर रही थी। इस दौरान जब वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी तब पड़ोसियों ने उसका दरवाजा खुलवाया, ऐसे में फिरित बाई ने बताया कि वह घर में पूजा कर रही है।

डॉक्टरों ने दोनों भाइयों को घोषित किया मृत

अधिकारियों ने बताया कि जब पड़ोसी घर के भीतर पहुंचे तब महिला के दो बेटे विकास और विक्की जमीन में मूर्छित पड़े हुए थे। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को जानकारी दी। बाद में पुलिस ने दोनों भाइयों को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने फिरित बाई, विशाल, अमरीकन बाई, चंद्रिका बाई को अस्पताल में भर्ती कराया है

घटना स्थल में मिली पूजन सामग्री

उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पूजन सामग्री और कुछ कपड़े मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में जानकारी मिल सकेगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर इस घटना की जांच शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि मामला जादू टोना और तंत्र विद्या से जुड़ा हुआ है। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले की अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। पुलिस ने यह खुलासा नहीं किया है कि जिस बाबा के फोटो की पूजा की जा रही थी वह कौन है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *