रायपुर-रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक अहम कदम उठाया है। अब मंडल के सभी छोटे और बड़े रेलवे स्टेशनों पर पैनिक बटन की सुविधा शुरू कर दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में यात्री इस बटन को दबाकर तुरंत रेलवे से मदद मांग सकते हैं।
पैनिक बटन को सीसीटीवी कैमरों से जोड़ा गया है, जिससे कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा सकेगी। खासतौर पर शाम और रात के समय, जब छोटे स्टेशनों पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, तब यह सुविधा यात्रियों के लिए सुरक्षा कवच साबित होगी।
बटन दबाते ही हरकत में आएगा सिस्टम
- पैनिक बटन दबते ही कंट्रोल रूम को अलर्ट मिलेगा
- RPF, GRP और रेलवे अधिकारी तुरंत सूचना पाएंगे
- 2 से 5 मिनट में मौके पर सहायता पहुंचाई जाएगी
- अब मदद के लिए फोन या ट्वीट की जरूरत नहीं
CCTV की निगरानी में रहेगा पैनिक बटन
कुम्हारी रेलवे स्टेशन में लगाए गए पैनिक बटन के सामने सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया है। कंट्रोल रूम से तुरंत देखा जा सकेगा कि किसने और किस स्थिति में बटन दबाया। गलत या शरारती इस्तेमाल पर कार्रवाई होगी
स्टेशन प्रबंधन ने यात्रियों से अपील की है कि इसका उपयोग केवल आपात स्थिति में करें। फिलहाल अब तक किसी यात्री ने इसका उपयोग नहीं किया है
हर स्टेशन पर उपलब्ध है सुविधा
सीनियर डीसीएम अवधेश त्रिवेदी ने बताया कि मंडल के सभी छोटे-बड़े रेलवे स्टेशनों पर पैनिक बटन लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का मकसद यात्रियों को तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद सहायता देना है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।