सैलजा की हाई लेवल मीटिंग: सिंहदेव बोले- संगठन में बदलाव पर कोई चर्चा नहीं, मेरा उपवास था, तो आम मिले हैं

वीसीएन टाइम्स
4 Min Read

रायपुर में मुख्यमंत्री आवास में मंगलवार को कांग्रेस की हाई लेवल मीटिंग हुई है,  जो करीब 7 घंटे तक चली। कांग्रेस की चुनावी रणनीति और निगम मंडलों में नियुक्तियों को लेकर वरिष्ठ नेताओं ने चर्चा की है। विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई है।

इस बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सेलजा, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, मंत्री रविंद्र चौबे, ताम्रध्वज साहू, मोहम्मद अकबर मौजूद रहे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज भी इस बैठक में शामिल होने पहुंचे थे।

बैठक के बाद देर शाम मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बयान भी सामने आया। उन्होंने कहा-प्रदेश अध्यक्ष सहित बाकी नेता बैठक में मौजूद थे। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर डिटेल चर्चा हुई है। निगम-मंडल और आयोग में पदाधिकारियों को रिपीट करने या नये को मौके के सवाल पर सीएम ने कहा- समय आने पर पार्टी इसे लेकर निर्णय लेगी।

‘जो गलतियां हैं, उसे स्वीकार करिए’

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री पीयूष घोयल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा-घटना किसी भी प्रदेश में घट सकती है। लेकिन उसके बाद सरकार ने निर्णय क्या लिया यह महत्वपूर्ण है। मणिपुर के घटना भाजपा सरकार की नाकामी है। उसे छिपाने के लिए आप कभी राजस्थान का कभी, छत्तीसगढ़ का नाम ले रहे हैं। इसका मतलब है, आप के दिमाग में केवल चुनाव का कीड़ा कुलबुला रहा है। स्थिति को आप डायवर्ट करने की कोशिश मत करिए, जो गलतियां हैं, उसे स्वीकार करिए।

वहीं बैठक के बाद ही डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने भी पत्रकारों से चर्चा की। INDIA को लेकर पीएम मोदी के दिए बयान पर टीएस सिंहदेव ने कहा-ये छद्म मानसिकता का परिचायक है। देश की आजादी के बाद अनेकों विद्वानों ने असेंबली के माध्यम से संविधान बनाया। उसका शब्द क्या है “भारत थैट इज इंडिया“। जब इंडिया हमारे संविधान में वो स्थान रखता है। आप उसके बारे में बोल रहे है।देशद्रोह का मामला बनता है कि नहीं बनता है। हमारे संविधान में जो बात लिखी है, आप उसको नकार रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कैसे प्रधानमंत्री हमारे देश में हैं। कैसी सत्तापक्ष देश में बैठी हुई है। यह अत्यंत दुर्भाग्य की बात है। इसको संज्ञान में लेना चाहिए। अगर कोई और नहीं लेता है तो सुप्रीम कोर्ट को संज्ञान लेना चाहिए और कार्रवाई करनी चाहिए।

सैलजा कर चुकी हैं मना

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, एक दिन पहले कांग्रेस भवन में बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी कुमारी सेलजा ने साफ कह दिया था कि निगम मंडल में नियुक्तियों के लिए नए लोगों को मौका दिया जाएगा, जो पहले से पदों पर रह चुके हैं, उनके कार्यकाल को बढ़ाने का इरादा नहीं है।

बायोडाटा पहुंचे
कांग्रेस नेताओं ने अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में टिकट की दावेदारी शुरू कर दी है। बीते 24 घंटे में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय रायपुर के राजीव भवन में दर्जनों बायोडाटा नेताओं के पास पहुंचे हैं। पदाधिकारियों से मिलकर खुद नेताओं ने अपना बायोडाटा दिया है। कांग्रेस आंतरिक रूप से इस तैयारी में लग चुकी है कि कौन सी विधानसभा में किसे टिकट दी जाए। मौजूदा विधायकों के परफॉर्मेंस पर भी दिग्गज नेता मंत्रणा कर रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *