Monday, January 26, 2026
Homeछत्तीसगढ़भाजयुमो ने फूंका पूर्व सीएम का पुतला, धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री और प्रदीप...

भाजयुमो ने फूंका पूर्व सीएम का पुतला, धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री और प्रदीप मिश्रा पर टिप्पणी को लेकर प्रदेशभर में तनातनी

रायपुर: आज पूरे प्रदेश में पं. धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ की गई टिप्पणी के विरोध में पूर्व CM भूपेश बघेल का पुतला फूंका गया। सभी जिलों में BJYM कार्यकर्ताओं ने पूर्व सीएम का पुतला फूंका। दरअसल, अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री और प्रदीप मिश्रा को पूर्व सीएम भूपेश बघेल द्वारा ढोंगी और भाजपा का एजेंट कहे जाने के बाद प्रदेश की राजनीति गर्म हो गई है। प्रदेश में कई जिलों में भाजपा युवा मोर्चा द्वारा पूर्व सीएम भूपेश बघेल का पु​तला दहन किया जा रहा है।

धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री को लेकर लगातार सामने आ रही बयानबाजी के बाद आज भाजपा भिलाई जिला युवा मोर्चा ने पूर्व सीएम बघेल का पुतला जलाया। तो भिलाई महिला मोर्चा की भिलाई जिलाअध्यक्ष स्वीटी कौशिक ने भूपेश बघेल के खिलाफ एफआईआर करने सुपेला थाने में आवेदन दिया है।

इतना ही नहीं युवा मोर्चा ने यहां तक चैलेंज कर दिया कि जब-जब पूर्व सीएम भूपेश बघेल भिलाई से गुजरेंगे, वे उन्हें काला झंडा दिखाएंगे। इस मौके पर भिलाई जिला भाजपा के विजय सिंह ने कहा कि राजनैतिक मतभेदों के बीच बयानबाजी नई बात नहीं है, लेकिन धर्म और हिन्दू समाज के साधू संत को लेकर टिप्पणी करने वाले भूपेश बघेल को हिन्दू समाज से माफी मांगनी चाहिए।

इधर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया ने कहा कि पूर्व सीएम भूपेश बघेल और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव कांग्रेस के आकाओं को खुश करने में लगे हैं। कांग्रेस ने हमेशा से ही हिन्दू साधुओं को टारेगट में रखा है। उन्होंने कहा कि साधु-संतों की कोई उम्र नहीं होती। वे किसी भी उम्र के हो हमेशा पूज्नीय होते हैं। पूर्व सीएम बघेल को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।

इधर धमतरी में भी सनातन धर्म को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी ने सियासी माहौल गरमा दिया है। भाजपा युवा मोर्चा ने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टी.एस. सिंहदेव पर सनातन आस्था के अपमान का आरोप लगाते हुए आज पुतला दहन किया। युवा मोर्चा का कहना है कि बाबा बागेश्वर को लेकर की गई टिप्पणी सीधे तौर पर सनातन पर हमला है। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान मौके पर तनाव की स्थिति भी बनी।

आज धमतरी की सड़कों पर सियासी गर्मी देखी गई। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता गांधी मैदान के पास एकत्र हुए। हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की गई। युवा मोर्चा का आरोप है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बाबा बागेश्वर को लेकर अभद्र टिप्पणी की, जिससे करोड़ों सनातन श्रद्धालुओं की भावना आहत हुई है।

विरोध के दौरान माहौल उस वक्त और गरमा गया जब कार्यकर्ताओं ने भूपेश बघेल और टी.एस. सिंहदेव का पुतला दहन किया। पुलिस और सुरक्षा बलों ने पुतला दहन रोकने की कोशिश की। इस दौरान कार्यकर्ताओं और सुरक्षा बलों के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद कार्यकर्ता पुतला दहन करने में सफल रहे। भाजपा युवा मोर्चा का कहना है कि सनातन धर्म पर किसी भी तरह की टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा…यदि कांग्रेस नेताओं ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments